चूरू जिला मुख्यालय के वार्ड नंबर 20 स्थित शेखावत कॉलोनी में गंदे पानी की समस्या को लेकर गुरुवार देर शाम राजनीतिक माहौल गरमा गया। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष रफीक मंडेलिया अचानक मौके पर पहुंचे और क्षेत्र के लोगों की समस्याएं सुनीं।
गंदे पानी के बीच रहने को मजबूर लोग
स्थानीय निवासियों ने रफीक मंडेलिया को बताया कि कॉलोनी में पिछले कई दिनों से नालियों का गंदा पानी जमा है। हालात ऐसे हो चुके हैं कि लोग गंदगी और बदबू के बीच रहने को मजबूर हैं।
वार्डवासियों ने आशंका जताई कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो इलाके में बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ सकता है।
महिलाओं और बुजुर्गों ने बताई परेशानी
रफीक मंडेलिया ने मौके पर मौजूद माताओं-बहनों और बुजुर्गों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को समझा। लोगों ने बताया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया।
नगर परिषद अधिकारियों को लगाई फटकार
वार्ड की बदहाल स्थिति देखकर कांग्रेस नेता रफीक मंडेलिया ने मौके से ही नगर परिषद चूरू के अधिकारियों को फोन किया।
उन्होंने अधिकारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि गंदे पानी की इस गंभीर समस्या का जल्द स्थायी समाधान किया जाए।
आंदोलन की दी चेतावनी
रफीक मंडेलिया ने साफ शब्दों में कहा कि यदि नगर परिषद प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो वे वार्डवासियों के साथ मिलकर बड़ा जन-आंदोलन शुरू करेंगे।
उन्होंने कहा कि आंदोलन की पूरी जिम्मेदारी नगर परिषद प्रशासन की होगी।
बड़ी संख्या में स्थानीय लोग रहे मौजूद
इस दौरान निवर्तमान पार्षद बेबी बानो, प्रदेश कांग्रेस कमेटी सचिव रियाजत खान, शहर ब्लॉक अध्यक्ष असलम खोखर सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।





