चूरू। जिले में चूरू पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रोहित गोदारा गैंग के दो शार्पशूटरों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान पंजाब निवासी अनमोल सिंह और रोहित के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार दोनों बदमाश रतनगढ़ में फिरौती के लिए फायरिंग की वारदात में शामिल थे।
NH-52 पर मिली थी संदिग्ध गाड़ी की सूचना
जिला पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम. को NH-52 पर बिना नंबर की संदिग्ध ग्लैंजा कार घूमने की सूचना मिली थी।
इसके बाद डीएसटी प्रभारी जयप्रकाश झाझड़िया के नेतृत्व में ढाढर टोल नाके के पास नाकाबंदी की गई।
पुलिस पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश
नाकाबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया और मौके से फरार हो गए।
इसके बाद आरोपी तारानगर रोड स्थित एक गौशाला के पास बीहड़ों में छिप गए। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
बदमाशों ने पुलिस पर की फायरिंग
घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर सीधी फायरिंग शुरू कर दी।
एक गोली कांस्टेबल अजय कुमार की बुलेट प्रूफ जैकेट पर लगी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की।
जवाबी कार्रवाई में आरोपी अनमोल सिंह के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल होकर गिर गया। दूसरा आरोपी रोहित भी भागने के दौरान चोटिल हो गया।
विदेशी पिस्टल और कारतूस बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अत्याधुनिक विदेशी पिस्टल (ग्लोक सिगाना) और कारतूस बरामद किए हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने गुरुवार सुबह रतनगढ़ निवासी राजेंद्र बेरवाल के घर पर हमला करते हुए 11 से 12 राउंड फायर किए थे।
पुलिसकर्मी भी हुए घायल
इस कार्रवाई के दौरान कांस्टेबल अजय कुमार और चालक पुष्पेंद्र घायल हुए हैं, जिनका उपचार जारी है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं में मामले दर्ज किए हैं।
पुलिस की आमजन से अपील
जिला पुलिस अधीक्षक ने लोगों से अपील की है कि फिरौती, धमकी या संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराधियों के खिलाफ समय रहते सख्त कार्रवाई की जा सके।





