शादी-विवाह में महंगे दाम पर सिलेंडर बेचने का खुलासा, रसद विभाग की बड़ी कार्रवाई
चूरू,जिले में घरेलू गैस सिलेंडर की कालाबाजारी के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला कलेक्टर अभिषेक सुराणा के निर्देश पर रसद विभाग की टीम ने छापेमारी कर 42 सिलेंडर जब्त किए।
राजलदेसर के सिमसिया बिदावतान में छापेमारी
डीएसओ अंशु तिवाड़ी ने बताया कि पुलिस कंट्रोल रूम से मिली शिकायत के आधार पर राजलदेसर तहसील के सिमसिया बिदावतान में कार्रवाई की गई।
यहां लिखमीचंद पुत्र ईश्वरराम के घर पर छापा मारकर 42 घरेलू गैस सिलेंडर और 32 गैस डायरी बरामद की गई।
पेट्रोल भी किया गया जब्त
छापेमारी के दौरान टीम ने प्लास्टिक बोतलों में भरा 20 लीटर पेट्रोल भी जब्त किया। इससे अवैध भंडारण और बिक्री की आशंका और मजबूत हुई है।
शादी-विवाह में ऊंचे दामों पर बिक्री
प्राथमिक जांच में सामने आया कि ये सिलेंडर शादी-विवाह आयोजनों में ऊंचे दामों पर बेचे जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार, एक सिलेंडर की कीमत 2000 से 4000 रुपये तक वसूली जा रही थी, जो सामान्य दर से कहीं अधिक है।
ई-मित्र संचालक पर भी कार्रवाई
बताया गया है कि आरोपी लिखमीचंद एक ई-मित्र संचालक भी है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई के दौरान प्रवर्तन निरीक्षक संपत कुमार और आशा कंवर सहित टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
जांच जारी, बढ़ सकती है कार्रवाई
रसद विभाग ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की कालाबाजारी पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
