Hindi News / Churu News (चुरू समाचार) / चूरू में IPL सट्टे का बड़ा खुलासा, 2 सटोरिए गिरफ्तार

,

चूरू में IPL सट्टे का बड़ा खुलासा, 2 सटोरिए गिरफ्तार

Police seize betting equipment during IPL gambling raid in Churu

चूरू जिले में पुलिस ने आईपीएल क्रिकेट सट्टे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो सटोरियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और लाखों रुपये के हिसाब-किताब वाले रजिस्टर बरामद किए गए हैं।

मुंबई इंडियंस-राजस्थान रॉयल्स मैच पर लग रहा था सट्टा

पुलिस के अनुसार आरोपी मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेले जा रहे आईपीएल मैच पर हार-जीत का दांव लगवा रहे थे।

यह कार्रवाई चूरू जिला पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम के निर्देश पर चलाए जा रहे अवैध गतिविधि विरोधी अभियान के तहत की गई।

मुखबिर की सूचना पर मारा छापा

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार और वृताधिकारी कुलदीप वालिया के सुपरविजन में थानाधिकारी मदनलाल बिश्नोई के नेतृत्व में उपनिरीक्षक ओमप्रकाश यादव की टीम ने कार्रवाई की।

पुलिस को सूचना मिली थी कि वार्ड नंबर 7 निवासी सत्यनारायण दर्जी अपने घर पर मोबाइल ऐप और सट्टा लाइनों के जरिए आईपीएल मैच पर अवैध सट्टा संचालित कर रहा है।

दो आरोपी रंगे हाथ गिरफ्तार

सूचना की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से मकान पर दबिश दी। मौके पर सत्यनारायण दर्जी (52) और उसका साथी संजय कुमार दर्जी (49) क्रिकेट बुकी चलाते हुए पकड़े गए।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

50 लाख से ज्यादा का हिसाब-किताब मिला

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 7 मोबाइल फोन, 2 लैपटॉप, एक एलईडी टीवी, कैलकुलेटर, वाईफाई राउटर, सेट-टॉप बॉक्स और दो रजिस्टर जब्त किए।

रजिस्टरों की जांच में 50 लाख रुपये से अधिक के लेनदेन का रिकॉर्ड सामने आया है।

ऑनलाइन पेमेंट ऐप से हो रहा था लेनदेन

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे ग्राहकों को आईडी और पासवर्ड उपलब्ध कराते थे और ऑनलाइन पेमेंट ऐप्स के जरिए रकम का लेनदेन करते थे।

पुलिस अब आरोपियों के बैंक खातों और उनसे जुड़े अन्य सट्टा नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

इन धाराओं में मामला दर्ज

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आरपीजीओ की धारा 3/4 तथा बीएनएस की धारा 112(2) और 318(4) के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच एएसआई प्रताप सिंह कर रहे हैं।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City
Shivonkar Maheshwari Technical Institute
Ravindra School Jhunjhunu City
Prince School, Islampur