Hindi News / Churu News (चुरू समाचार) / Churu News : एसपी ऑफिस से युवती अपहरण प्रकरण : आरोपी पुलिस रिमांड पर भेजे गए

,

Churu News : एसपी ऑफिस से युवती अपहरण प्रकरण : आरोपी पुलिस रिमांड पर भेजे गए

Churu police rescued kidnapped girl and arrested accused quickly

चूरू जिला पुलिस ने अपहरण के एक सनसनीखेज मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 25 मई को अपहृत हुई युवती को महज 32 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है।

सीसीटीवी और नाकाबंदी से पुलिस को मिली सफलता

जिला पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम. ने बताया कि अपहरण की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत सक्रिय हो गई थी।

अभय कमांड एंड कंट्रोल सेंटर में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की अर्टिगा और स्विफ्ट कार की पहचान की गई। इसके बाद उनके भागने के रास्तों को चिन्हित कर जिलेभर में तत्काल नाकाबंदी करवाई गई।

कई टीमों का किया गया गठन

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार के सुपरविजन में कोतवाली थानाधिकारी सुखराम चोटिया, अपराध सहायक संदीप कुमार और उपनिरीक्षक फरमान खान के नेतृत्व में अलग-अलग विशेष टीमों का गठन किया गया।

इन टीमों ने लगातार आरोपियों की गाड़ियों का पीछा किया और संभावित ठिकानों पर दबिश दी।

18-19 लोगों के शामिल होने की आशंका

पुलिस जांच में सामने आया कि इस अपहरण कांड में दशरथ स्वामी, हेतराम, श्योपतदास, योगेंद्र सिंह और राजवीर सिंह सहित करीब 18-19 लोग शामिल थे।

आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमों ने सहजूसर, खंडवा, पूलासर, सरदारशहर, नाथवाना, कालू, लूणकरणसर और श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्रों में लगातार दबिश दी।

युवती को अलग-अलग जगहों पर छिपाते रहे आरोपी

पुलिस के लगातार दबाव के चलते अपहरणकर्ता युवती को बार-बार अलग-अलग स्थानों और वाहनों में छिपाते रहे।

जानकारी के अनुसार युवती को मालसर से ओम गिर नामक व्यक्ति की ब्रेजा गाड़ी में बैठाकर पहले राजियासर, फिर हरियासर और बाद में उसके ताऊ की ढाणी में छिपाया गया।

अंततः पुलिस की लगातार कार्रवाई और दबिश से घबराकर अपहृता भावना स्वामी को उसके दादा चैनदास द्वारा लूणकरणसर थाने में पेश कर दिया गया।

दो आरोपी गिरफ्तार, पुलिस रिमांड पर भेजे गए

परिवादी कृष्ण कुमार की रिपोर्ट पर चूरू कोतवाली थाने में भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 115 (2), 140 (3), 307, 127 (2) और 189 (2) के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए खंडवा पट्टा (थाना भालेरी) निवासी योगेंद्र सिंह (29) और राजवीर सिंह (26) को गिरफ्तार कर लिया।

दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

बाकी आरोपियों की तलाश जारी

फिलहाल पुलिस घटना में प्रयुक्त वाहनों की जब्ती और फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

इस कार्रवाई में कोतवाली, दूधवाखारा और सरदारशहर पुलिस के साथ-साथ साइबर सेल एवं डीएसटी चूरू और श्रीगंगानगर की संयुक्त टीमों ने अहम भूमिका निभाई।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City
Shivonkar Maheshwari Technical Institute
Ravindra School Jhunjhunu City
Prince School, Islampur