चूरू जिला कलेक्टर अभिषेक सुराणा ने सोमवार को डीओआईटी वीसी सभागार में साप्ताहिक समीक्षा बैठक ली।
बैठक में आवश्यक सेवाओं, ग्राम रथ अभियान, जनगणना-2027, मुख्यमंत्री विकसित ग्राम/वार्ड अभियान और एचपीवी वैक्सीन कार्यक्रम सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई।
घरेलू गैस के व्यावसायिक उपयोग पर सख्ती
जिला कलेक्टर ने गैस सिलेंडर, पेट्रोल और डीजल आपूर्ति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों के अवैध व्यावसायिक उपयोग पर सख्त कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि नियमित निरीक्षण, आकस्मिक जांच और प्रभावी निगरानी के जरिए दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
गर्मी में आवश्यक सेवाओं पर फोकस
कलेक्टर सुराणा ने पेयजल, बिजली, चिकित्सा और स्वच्छता व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में आमजन को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जाए।
हीटवेव और मौसमी बीमारियों को लेकर अलर्ट
चिकित्सा विभाग को हीटवेव और मौसमी बीमारियों को लेकर पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए गए।
अस्पतालों में आवश्यक दवाइयों, उपकरणों और चिकित्सकीय स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।
ग्राम रथ अभियान 17 मई तक
बैठक में ग्राम रथ अभियान की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए।
जिला कलेक्टर ने बताया कि अभियान की अवधि अब 17 मई तक बढ़ा दी गई है।
जनगणना-2027 और स्वगणना पर जोर
जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर जिला कलेक्टर ने उपखंड अधिकारियों और चार्ज अधिकारियों को समयबद्ध कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने आमजन को अधिकतम स्वगणना के लिए प्रेरित करने पर भी जोर दिया।
HPV वैक्सीनेशन बढ़ाने के निर्देश
बैठक में एचपीवी वैक्सीन कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए लक्षित आयु वर्ग की बालिकाओं के अधिकाधिक टीकाकरण के निर्देश दिए गए।
चिकित्सा और शिक्षा विभाग को मिलकर जागरूकता अभियान चलाने के लिए कहा गया।
संपर्क पोर्टल मामलों का त्वरित निस्तारण
जिला कलेक्टर ने राजस्थान संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि 15 दिनों से अधिक कोई भी मामला लंबित नहीं रहना चाहिए।
कई विभागीय अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में एडीएम अर्पिता सोनी, सीईओ श्वेता कोचर सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
वीसी के माध्यम से सभी उपखंड स्तरीय अधिकारी भी बैठक से जुड़े।




