चूरू।राष्ट्रीय राजमार्ग NH-52 पर शनिवार सुबह एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा होटल झंकार के पास हुआ, जहां एक अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी।
गांव से चूरू आते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार ख्याली निवासी मोहम्मद समीर (25) अपने गांव से चूरू की ओर आ रहा था।
इसी दौरान अचानक सामने से आए अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।
सिर और चेहरे पर आई चोटें
हादसे में समीर के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। टक्कर के बाद वह सड़क पर गिर गया और कुछ समय तक घायल अवस्था में पड़ा रहा।
ट्रैक्टर चालक ने दिखाई तत्परता
इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक ट्रैक्टर चालक ने मानवता दिखाते हुए तुरंत ढाढ़र टोल एंबुलेंस को सूचना दी।
टोल एंबुलेंस ने पहुंचाया अस्पताल
सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल युवक को डीबी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने तुरंत इलाज शुरू किया।
परिजन पहुंचे, पुलिस को दी सूचना
घटना की सूचना मिलते ही समीर के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।
अस्पताल प्रशासन ने मामले की जानकारी अस्पताल चौकी पुलिस को दे दी है।
