विरोध करने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी, पुलिस जांच शुरू
चूरू, सुभाष प्रजापत चूरू के कोतवाली थाना क्षेत्र में कोर्ट के आदेश से खाली करवाए गए एक नोहरे पर दोबारा अतिक्रमण करने का मामला सामने आया है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीजेएम कोर्ट के आदेश से हुआ था खाली
परिवादी वार्ड 28 निवासी भरत कुमार कोठारी (45) ने रिपोर्ट में बताया कि लोहिया कॉलेज के पास स्थित उनके नोहरे को चूरू सीजेएम कोर्ट के आदेश पर किरायेदार कृष्ण कुमार और सबटेनर महावीर प्रसाद से खाली करवाया गया था।
इसके बाद उक्त नोहरा उन्हें और उनके भाई राजकुमार को सुपुर्द कर दिया गया।
मारपीट और धमकी का आरोप
भरत कुमार के अनुसार, नोहरा सुपुर्द होने के बाद महावीर प्रसाद और उसके साथियों ने मुख्य गेट पर थाप-मुक्कों और लाठियों से मारपीट की।
आरोप है कि महावीर प्रसाद ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर आया और नोहरे के अंदर-बाहर सामान खाली कर दोबारा अतिक्रमण करने का प्रयास किया।
जब इसका विरोध किया गया तो जान से मारने की धमकी दी गई।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
कोतवाली थाना चूरू पुलिस ने भरत कुमार कोठारी की रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
फिलहाल प्रकरण की जांच जारी है और पुलिस पूरे मामले की पड़ताल कर रही है।
