चूरू के उपखंड अधिकारी (SDM) सुनील कुमार के स्थानांतरण के बाद शुक्रवार को उपखंड कार्यालय परिसर में अधिवक्ता संघ एवं कार्यालय स्टाफ की ओर से सम्मान एवं विदाई समारोह आयोजित किया गया।
समारोह में अधिकारियों, अधिवक्ताओं और कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर उन्हें भावभीनी विदाई दी।
अधिकारियों ने बताया कर्मठ और संवेदनशील अधिकारी
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील झाझड़िया विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस दौरान तहसीलदार अशोक गोरा, बजरंग लाल शर्मा और नायब तहसीलदार चुन्नीलाल ने सुनील कुमार के कार्यकाल की प्रशंसा की।
वक्ताओं ने उन्हें कर्मठ, मृदुभाषी, संवेदनशील और जनहित के प्रति समर्पित अधिकारी बताया।
“सुनील कुमार ने प्रशासनिक जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन करते हुए आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता से सुना।” वक्ताओं का संबोधन
500 से अधिक राजस्व मामलों का किया निस्तारण
समारोह में बताया गया कि उनके कार्यकाल में विशेष गहन पुनरीक्षण, मतदाता सूची प्रकाशन और ग्राम पंचायत वार्ड पुनर्गठन जैसे महत्वपूर्ण कार्य सफलतापूर्वक पूरे किए गए।
इसके अलावा उन्होंने 500 से अधिक राजस्व परिवादों का प्रभावी निस्तारण कर आमजन को राहत पहुंचाई।
जनसुनवाई व्यवस्था की हुई सराहना
अधिकारियों और अधिवक्ताओं ने विशेष रूप से उनकी जनसुनवाई व्यवस्था की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने लोगों की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना तथा समाधान सुनिश्चित किया।
उनकी कार्यशैली में अनुशासन, पारदर्शिता और सकारात्मक संवाद की झलक दिखाई देती थी।
साफा और शॉल ओढ़ाकर किया सम्मान
इस अवसर पर अधिवक्ता संघ और कार्यालय कार्मिकों की ओर से साफा, शॉल और माल्यार्पण कर सुनील कुमार का सम्मान किया गया।
सभी उपस्थित लोगों ने उनके सौम्य व्यक्तित्व और प्रशासनिक दक्षता की सराहना करते हुए मेड़ता सिटी, नागौर में सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।
कई अधिकारी और अधिवक्ता रहे मौजूद
समारोह में नायब तहसीलदार महेंद्र गहलोत, प्रवीण कुमार, सुरेश कुमार, संदीप कुमार, विजेंद्र सिंह, उपेंद्र सहित कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
वहीं अधिवक्ता हनुमान स्वामी, सुरेंद्र राहड़, हनुमान सिंह, नरेंद्र सिहाग, नरेंद्र लाम्बा सहित बार संघ चूरू के सदस्य भी समारोह में शामिल हुए।





