चूरू जिले में शुक्रवार सुबह पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम अचानक बदल गया।
आसमान में घने बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई।
तापमान में आई गिरावट
बारिश के बाद मौसम में ठंडक बढ़ गई और सुबह के तापमान में गिरावट देखने को मिली।
लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिली, लेकिन किसानों की चिंता बढ़ गई है।
फसलों को नुकसान का खतरा
बेमौसम बारिश से किसानों को भारी नुकसान की आशंका है।
कई खेतों में चना, सरसों और ईसबगोल की फसलें काटकर रखी गई हैं, जो बारिश से भीगकर खराब हो सकती हैं।
अगले 2 दिन आंधी-बारिश का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार, प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ का असर जारी रहेगा।
3 और 4 अप्रैल को जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग के कई इलाकों में आंधी-बारिश की संभावना है।
इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हो सकती है।
7-8 अप्रैल को फिर सक्रिय होगा सिस्टम
मौसम विभाग के अनुसार 7-8 अप्रैल को एक और मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे फिर मौसम प्रभावित होगा।
हालांकि, अगले एक सप्ताह तक हीटवेव की कोई संभावना नहीं जताई गई है।
किसानों के लिए जरूरी सलाह
किसानों को सलाह दी गई है कि वे अपनी कटी हुई फसलों और अनाज को खुले में न रखें।
उन्हें ढककर सुरक्षित स्थान पर भंडारण करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि बारिश से नुकसान से बचा जा सके।
