Hindi News / Churu News (चुरू समाचार) / टमाटर की बढ़ती कीमत की लगातार पड़ रही मार

टमाटर की बढ़ती कीमत की लगातार पड़ रही मार

चूरू, [सुभाष प्रजापत ] टमाटर की कीमत लगातार बढ़ रही है। महीने भर पहले ही टमाटर की कीमत बाजार में 30 से 40 रुपए किलो थी। जो 15 दिन पहले बढ़कर 50 से 60 रुपए किलो पहुंच गई थी। जो अब बाजार में 80 से 100 रुपए किलो तक बेची जा रीह है। इस बीच चार दिन के लिए टमाटर 120 रुपए किलो तक भी बिका। वहीं, लहसुन के दाम में भी तेजी देखने को मिल रही है। प्याज के भाव में गिरावट देखने को मिल रही है।फल व सब्जी थोक विक्रेता संघ के उपाध्यक्ष टमाटर के थोक व्यापारी इमरान कुरैशी ने बताया- इस समय टमाटर महाराष्ट्र के नासिक और दूसरे शहरों के अलावा बैंगलोर से आ रहा है। टमाटर की मंहगाई का कारण महाराष्ट्र में हुई बारिश से फसल का नुकसान है। पिछले कुछ दिनों में महाराष्ट्र में लगातार बारिश का दौर जारी है। इस कारण टमाटर की फसल को नुकसान हुआ है।मुहाना मंडी में आने वाले टमाटर की 30 से 40 गाड़ी की जगह 15 से 20 रह गई हैं। जैसे ही टमाटर की 30 से 40 गाड़ियां मंडी में फिर से आनी चालू हो जाएगी। इसके बाद ही टमाटर के दामों में गिरावट देखने को मिलेगा। आने वाले 10 से 15 दिनों में एमपी से टमाटर की नई फसल की आवक शुरू हो जाएगी। जयपुर के बस्सी इलाके से भी टमाटर की आवक शुरू होने वाली है। इससे टमाटर के दामों में बैलेंस देखने को मिलेगा।फल व सब्जी थोक विक्रेता संघ के अध्यक्ष योगेश तंवर ने बताया- पिछले 20 से 25 दिनों में मुहाना में जो भी सब्जियां आ रही थी, वो सब बाहर से आ रही थी। इसका मुख्य कारण स्थानीय स्तर पर सब्जियों की कमी रही। इस बार वैसे बारिश बहुत तेज आई। बारिश के कारण हरी सब्जियों को काफी नुकसान हुआ है।मंडी में सब्जियां देश के लगभग सभी इलाकों से आ रही है। जैसे ही इन पर हमारी निर्भरता कम होगी सब्जियों के दामों में गिरावट देखने को मिलेगी। मंडी में अभी शिमला से मटर, गुजरात से कद्दू, हरी मिर्च, महाराष्ट्र के अलग-अलग क्षेत्र से टमाटर पत्ता गोभी, शिमला मिर्च, पुष्कर और चौमूं से फूलगोभी आ रही है। इन सभी सब्जियों की 20-22 पिकअप डेली (वजन 2 टन से 2.5 टन) आ रही है। नींबू की 10 से 12 गाड़ी डेली महाराष्ट्र और गुजरात से आ रही है। अदरक की 15 से 18 गाड़ी डेली (वजन 20 टन) महाराष्ट्र और बेंगलुरु से आ रही है।मुहाना मंडी में अभी 55 से 60 रूपए किलो थोक में बिकने वाला प्याज 30-45 रुपए किलो तक बिक रहा है। प्याज की आवक होने से इसके भाव में कमी आई है। आने वाले कुछ दिनों में इसमें और कमी आएगी। बाजार भाव 40 से 55 रूपए तक पहुंच गया है। अभी मंडी में कर्नाटक और महाराष्ट्र से प्याज की आवक हो रही है। मुहाना मंडी में प्रतिदिन 500 टन प्याज आ रहा है। जयपुर से प्याज दूसरे शहरों हरियाणा और यूपी में भी भेजा जा रहा है। वहीं, थोक भाव लहसुन 150-300 रूपए प्रति किलो, खुदरा भाव 250 से 400 रूपए प्रति किलो बिक रहा है। लहसुन की आवक एमपी कोटा से हो रही है। लहसुन की आवक कम है। इसलिए इसके दामों में तेजी है। नए आवक जनवरी तक आएंगे। इसके बाद लहसुन के दामों में गिरावट देखने को मिलेगी।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City
Shivonkar Maheshwari Technical Institute
Ravindra School Jhunjhunu City
Prince School, Islampur