Hindi News / Churu News (चुरू समाचार) / Video News: युवक का शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका

,

Video News: युवक का शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका

सिंगापुर हब के पास मिला अज्ञात युवक का शव

YouTube video

चूरू, सुभाष प्रजापत जिले के रतननगर थाना क्षेत्र में रविवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया। एनएच-52 पर स्थित सिंगापुर हब के पास मिट्टी में दबा हुआ एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

कैसे मिला शव?

स्थानीय लोगों को जब घटनास्थल से दुर्गंध महसूस हुई तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि शव आंशिक रूप से मिट्टी में दबा हुआ था, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ।

पुलिस और FSL टीम मौके पर

सूचना मिलते ही डीएसपी सुनील झाझड़िया और रतननगर थानाधिकारी रामनिवास बीडासरा पुलिस जाप्ते के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।

डीएसपी सुनील झाझड़िया ने बताया,
“प्रथम दृष्टया शव 2 से 3 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। मृतक की उम्र करीब 30 वर्ष आंकी जा रही है।”

हत्या की जताई जा रही आशंका

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक का मुंह कपड़े से ढका हुआ था और गले पर रस्सी के निशान मिले हैं। इन तथ्यों के आधार पर गला घोंटकर हत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।

शव मोर्चरी में सुरक्षित

पुलिस ने शव को डीबी अस्पताल, चूरू की मोर्चरी में रखवाया है। साथ ही मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।

जांच के सभी पहलुओं पर काम

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।
मामले को गंभीर मानते हुए हर एंगल से जांच जारी है।