‘होली मायड़ भूमि री’ महोत्सव में नेताओं ने चंग की थाप पर बिखेरा रंग
चूरू जिले के सरदारशहर स्थित ऐतिहासिक ताल मैदान में शुक्रवार को चार दिवसीय ‘होली मायड़ भूमि री’ महोत्सव की शुरुआत हुई।
कार्यक्रम में राजनीति और संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला।
‘तेजल सुपर-सुपर’ पर डोटासरा का गमछा स्टाइल डांस
मंच पर जैसे ही ‘तेजल सुपर-सुपर’ गाना बजा, गोविंद सिंह डोटासरा और राहुल कस्वां राजस्थानी अंदाज में झूमते नजर आए।
डोटासरा का गमछा स्टाइल डांस दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बन गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भी गोविंद सिंह डोटासरा, राहुल कस्वां, विधायक अनिल शर्मा और पूर्व मंत्री राजकुमार रिणवा ने किया।
सीमा मिश्रा की आवाज ने बांधा समां
कार्यक्रम में राजस्थान की स्वर कोकिला सीमा मिश्रा ने चंग की थाप पर राजस्थानी लोकगीत और होली की धमाल प्रस्तुत की।
उनकी प्रस्तुति पर ताल मैदान में मौजूद श्रोता झूम उठे।
इसके अलावा बॉलीवुड सिंगर रविंद्र उपाध्याय ने भी अपनी प्रस्तुतियों से माहौल को रंगीन बना दिया।
संस्कृति से जुड़ने का माध्यम
आयोजक भामाशाह विकास मालू ने सभी अतिथियों का साफा पहनाकर स्वागत किया।
उन्होंने कहा,
“यह उत्सव अपनी माटी और संस्कृति से जुड़ने का माध्यम है। ‘होली मायड़ भूमि री’ के जरिए हम अपनी परंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना चाहते हैं।”
कार्यक्रम संयोजक जितेंद्र राजवी ने आगंतुक अतिथियों और शहरवासियों का आभार जताया।
चार दिन तक चलेगा महोत्सव
चार दिवसीय इस महोत्सव में राजस्थानी लोक संस्कृति, संगीत और होली के पारंपरिक रंगों की झलक देखने को मिलेगी।
सरदारशहर में इस आयोजन को लेकर युवाओं और शहरवासियों में खासा उत्साह है।
