रात 9 बजे खेत में उठीं लपटें, ग्रामीणों ने टैंकर से पाया काबू
सरदारशहर (चूरू)। तहसील के दुलरासर गांव में मंगलवार रात एक किसान की कटी हुई सरसों की फसल में आग लगने से बड़ा नुकसान हो गया।
इस घटना में किसान सोबाकसिंह शेखावत की करीब 12 क्विंटल सरसों जलकर राख हो गई।
शरारती तत्वों पर जताया शक
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अज्ञात शरारती तत्वों द्वारा आग लगाने की आशंका जताई जा रही है।
सोबाकसिंह ने अपनी 3 बीघा जमीन की सरसों काटकर एक स्थान पर ढेर लगाकर रखी थी। मंगलवार रात करीब 9 बजे अचानक ढेरी से आग की लपटें उठती दिखाई दीं।
कुछ ही मिनटों में पूरी फसल आग की चपेट में आ गई।
ग्रामीणों की सूझबूझ से बची अन्य फसल
आग की सूचना मिलते ही गांव के लोग मौके पर पहुंचे।
जसवीर सिंह, भगवान सिंह, शेर सिंह और उपेंद्र सिंह सहित अन्य युवाओं ने तुरंत पानी के टैंकर मंगवाए।
ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते कार्रवाई होने से आसपास खड़ी अन्य फसलें जलने से बच गईं।
किसान ने मांगा मुआवजा
पीड़ित किसान सोबाकसिंह ने बताया कि यह उनकी सालभर की मेहनत थी, जो कुछ ही मिनटों में राख हो गई।
उन्होंने प्रशासन से मामले की गंभीर जांच कर दोषियों की पहचान और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
साथ ही पटवारी और संबंधित विभाग से मौके का मुआयना कर सरकारी मुआवजा दिलाने की अपील की है।
