सैन्य उपकरण प्रदर्शन, चिकित्सा शिविर और रोजगार सहयोग का मिलेगा लाभ
चूरू, जिला मुख्यालय पर 08 मार्च 2026 को ईएसएम (एक्स-सर्विसमैन) रैली का आयोजन प्रस्तावित है।
इस भव्य आयोजन में करीब 6000 भूतपूर्व सैनिक, उनके परिजन, सैन्य अधिकारी और आमजन भागीदारी निभाएंगे। जिला प्रशासन ने आमजन से अधिकाधिक उपस्थिति की अपील की है।
सैन्य उपकरण प्रदर्शन और फ्लाईपास्ट
रैली के दौरान सैन्य उपकरणों का विशेष प्रदर्शन किया जाएगा, जिससे युवाओं और आमजन को सेना की क्षमताओं से परिचित होने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम में एएलएच/डब्ल्यूएसआई द्वारा फ्लाईपास्ट भी आकर्षण का केंद्र रहेगा।
सैन्य अधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम में पारंपरिक एवं साहसिक प्रस्तुतियां भी होंगी, जिनमें —
- कलरिपयट्टू
- सिलंबट्टम
- गतका
- मलखंभ
- पाइप बैंड
- डॉग शो
- हॉट एयर बैलून प्रदर्शन
शामिल हैं।
वीर नारियों और वेटरन अचीवर्स का सम्मान
रैली के दौरान वीर नारियों, वीरांगनाओं और वेटरन अचीवर्स का सम्मान किया जाएगा।
इसके साथ ही जरूरतमंद पूर्व सैनिकों को चिकित्सा उपकरणों का वितरण भी किया जाएगा।
पेंशन, स्पर्श सहायता और चिकित्सा शिविर
भूतपूर्व सैनिकों के लिए विशेष पेंशन एवं स्पर्श सहायता शिविर, शिकायत समाधान केंद्र और रोजगार सहयोग डेस्क स्थापित किए जाएंगे।
दंत चिकित्सा सहित अन्य स्वास्थ्य सेवाओं के लिए भी चिकित्सा शिविर लगाया जाएगा, जिससे पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को सीधे लाभ मिल सके।
