Hindi News / Churu News (चुरू समाचार) / ई-श्रम पोर्टल पर रजिस्टर्ड श्रमिक की दुर्घटना मृत्यु पर 2 लाख का बीमा कवर

ई-श्रम पोर्टल पर रजिस्टर्ड श्रमिक की दुर्घटना मृत्यु पर 2 लाख का बीमा कवर

पंजीयन निःशुल्क करवा सकते हैं

चूरू, ई श्रम पोर्टल पर रजिस्टर्ड श्रमिक की दुर्घटना में मृत्यु पर 2 लाख का बीमा कवर मिलेगा। ई-श्रम पोर्टल पर निःशुल्क पंजीयन कर श्रमिक विभिन्न योजनाओं का लाभ उठा सकते हैं। अब तक जिले में 3 लाख 38 हजार श्रमिक ई पंजीयन करवा चुके हैं। श्रम कल्याण अधिकारी महेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि श्रम मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा असंगठित श्रमिकों के पंजीयन हेतु ई-श्रम पोर्टल 26 अगस्त 2021 से क्रियाशील है, जिसके अनुसार चूरू जिले के पंजीयन का लक्ष्य 6 लाख 75 हजार 751 है। ई-श्रम पोर्टल के माध्यम से श्रमिकों का नेशनल डाटा बेस तैयार किया जायेगा, जिसमें श्रमिकों को उनके काम के आधार पर बांटा जायेगा। ई-श्रम पोर्टल असंगठित क्षेत्र में काम कर रहे श्रमिकों के लिए कारगर सिद्ध होगा। इसकी मदद से श्रमिकों के आंकड़े और जानकारी जुटाई जायेगी तथा इसी आधार पर सरकार द्वारा श्रमिकों के लिए योजनाएं बनाई जायेगी। श्रमिकों के लिए शुरू की गई योजनाओं का लाभ सर्वप्रथम ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकृत श्रमिकों को ही प्राप्त होगा।

उन्होंने बताया कि सभी प्रकार के असंगठित श्रमिकों को इस ई-श्रम कार्ड हेतु पंजीयन का पात्र माना गया है। कोई भी असंगठित श्रमिक जैसे धोबी, मोची, ईंट भट्टे पर कार्य करने वाले श्रमिक, स्ट्रीट वेन्डर, घरेलु श्रमिक, कुली, रिक्शा चालक, ऑटोचालक, भूमिहीन श्रमिक, महानरेगा श्रमिक, मिड डे मिल श्रमिक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा सहयोगिनी, ऑनलाईन कम्पनियां, कोरियर से जुड़े श्रमिक आदि अथवा इसी प्रकार का अन्य कार्य करने वाले श्रमिक, जिनकी आयु 16-59 वर्ष है तथा ईपीएफ/एनपीएस योजना का सदस्य नहीं है तथा आयकर दाता नहीं है, पोर्टल पर अपना पंजीयन निःशुल्क करवा सकते हैं। आवेदक को आधार कार्ड, बैंक खाता संख्या व मोबाईल नम्बर आदि दस्तावेजों की जरूरत रहेगी। पात्रता रखने वाले असंगठित श्रमिक आवश्यक दस्तावेज व अपना मोबाईल फोन साथ लेकर स्वयं के स्तर से अथवा किसी भी सी.एस.सी के माध्यम से अपना पंजीयन निःशुल्क करवा सकते हैं। पंजीयन प्रक्रिया अत्यन्त आसान है तथा सभी सूचनाएं पूर्ण रूप से सही भरने पर श्रमिक का पहचान पत्र (कार्ड) तत्काल बनकर उसे प्रदान कर दिया जाएगा, जिस पर 12 अंकाें की पहचान संख्या अंकित होगी।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City
Ravindra School Jhunjhunu City
Prince School, Islampur