Hindi News / Churu News (चुरू समाचार) / चूरू में न्यायिक कर्मचारियों का आमरण अनशन शुरू

चूरू में न्यायिक कर्मचारियों का आमरण अनशन शुरू

केडर पुनर्गठन की मांग को लेकर न्यायिक कर्मचारियों का बड़ा कदम

चूरू न्यायिक कर्मचारियों ने केडर पुनर्गठन की मांग को लेकर आंदोलन को और तेज कर दिया है। आंदोलन के सातवें दिन चार कर्मचारियों ने आमरण अनशन शुरू कर दिया।

राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन
न्यायिक उद्यान में राजस्थान न्यायिक कर्मचारी संघ के बैनर तले चल रहे इस धरने में कर्मचारियों ने सरकार की अनदेखी और दो वर्षों से लंबित केडर पुनर्गठन आदेश जारी नहीं होने पर नाराजगी जताई।

संघ के जिलाध्यक्ष राजकुमार स्वामी ने बताया कि राजस्थान हाईकोर्ट द्वारा प्रस्ताव भेजे जाने के बावजूद राज्य सरकार ने अब तक कोई आदेश जारी नहीं किया है, जिससे कर्मचारियों में आक्रोश है।

आमरण अनशन पर बैठे कर्मचारी
संघ के अनुसार प्रदेशाध्यक्ष सुरेन्द्र नारायण जोशी और जयपुर के पूर्व जिलाध्यक्ष बृजेश कुमार शर्मा 14 जुलाई से ही आमरण अनशन पर हैं। चूरू में अनिल कुमार कसेरा, अपरोज खान, दयाल सिंह और हर्षित पुरोहित ने भी आमरण अनशन शुरू कर दिया।

रैली और क्रमिक अनशन की शुरुआत
शुक्रवार को इन्द्रमणि पार्क से जिला न्यायालय तक शांतिपूर्ण रैली निकाली गई। इसके साथ ही कर्मचारियों ने क्रमिक अनशन की भी शुरुआत की।

कर्मचारियों ने जताई एकजुटता
धरनास्थल पर बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने मौजूद रहकर एकजुटता दिखाई। रामसिंह चलकोई, कैलाश शर्मा, कस्तूरी लाल जोशी, शमशेर खान, सहित 50 से अधिक कर्मचारियों ने प्रदर्शन में भाग लिया और जल्द से जल्द आदेश जारी करने की मांग की।

कर्मचारियों की चेतावनी
संघ ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द मांगें नहीं मानी गईं तो सभी कर्मचारी अनिश्चितकालीन अवकाश पर चले जाएंगे, जिससे न्यायिक कार्य बाधित हो सकता है।