चूरू जिले के सादुलपुर के सिधमुख थाना क्षेत्र स्थित लीलकी गांव में मंगलवार दोपहर एक गरीब किसान के घर में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
चना और मूंग जलकर राख
जानकारी के अनुसार रोताश बागड़ी पुत्र केशु राम धानक के घर दोपहर करीब सवा एक बजे अज्ञात कारणों से आग लग गई।
आग में घर में रखा चना और मूंग पूरी तरह जलकर राख हो गया।
कई मवेशी भी झुलसे
घर के पास बंधी 5 से 6 मवेशियां भी आग की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गईं।
ग्रामीणों के अनुसार इससे किसान को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
ग्रामीणों ने मशक्कत कर बुझाई आग
आग की लपटें देखकर गांव के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे।
पृथ्वी गोस्वामी, रोशन बागड़ी, बिजेंद्र, हवा सिंह गोस्वामी, सोनू, अंकित, अमरचंद और सुरेंद्र सहित दर्जनों ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया।
ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते आग नहीं बुझती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
पीड़ित परिवार के लिए मुआवजे की मांग
ग्रामीणों ने बताया कि रोताश बागड़ी गरीब किसान है और फसल व मवेशियों के नुकसान से परिवार पर आर्थिक संकट आ गया है।
ग्रामवासियों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
आग लगने के कारणों की जांच जारी
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।
प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट या चूल्हे की चिंगारी से आग लगने की जताई जा रही है।
घटना की सूचना सिधमुख थाना पुलिस को भी दी गई है।





