Hindi News / Churu News (चुरू समाचार) / जिले में प्रभारी मंत्री ओला करेंगे ध्वजारोहण

जिले में प्रभारी मंत्री ओला करेंगे ध्वजारोहण

समारोह आयोजन की तैयारियां पूर्ण, प्रातः 9.05 बजे होगा ध्वजारोहण

चूरू, जिले में स्वाधीनता दिवस समारोह मंगलवार को हर्षोल्लास से मनाया जाएगा। जिले के सभी राजकीय भवनों, स्कूलों, स्वायत्तशाषी संस्थाओं, गैर सरकारी संस्थाओं, सार्वजनिक स्थानों पर नियमानुसार राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। पुलिस लाइन में होने वाले मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि राज्य के सड़क परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जिला प्रभारी मंत्री बृजेन्द्र ओला सवेरे 9.05 बजे ध्वजारोहण करेंगे।

एडीएम लोकेश गौतम ने बताया कि मुख्य समारोह में ध्वजारोहण के बाद मुख्य अतिथि परेड का निरीक्षण कर मार्चपास्ट की सलामी लेंगे। समारोह में राज्यपाल के संदेश का पठन किया जाएगा। विद्यार्थियों एवं स्काउट-गाइड द्वारा व्यायाम प्रदर्शन किया जाएगा। शहीद वीरांगनाओं, सेनानियों का सम्मान किया जाएगा। इसके अलावा जिले में वर्षभर में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभिन्न व्यक्तियों, विद्यार्थियों, खिलाड़ियों, कार्मिकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी।

उन्होंने बताया कि मुख्य समारोह से पूर्व 8.55 बजे मुख्य अतिथि द्वारा शहीद स्मारक स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। मुख्य समारोह में होने वाले मार्चपास्ट में राजस्थान पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी, स्काउट गाइड आदि की टुकड़ियां भाग लेंगी। प्रभारी मंत्री दोपहर 3.30 बजे जिला मुख्यालय पर ही मातुश्री कमला गोयनका टाउन हॉल में मुख्यमंत्री निःशुल्क अन्नपूर्णा फूड पैकेट योजना के जिला स्तरीय कार्यक्रम में भाग लेंगे।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City
Shivonkar Maheshwari Technical Institute
Ravindra School Jhunjhunu City
Prince School, Islampur