Hindi News / Churu News (चुरू समाचार) / संसदीय क्षेत्र सहित राजस्थान में सड़क तंत्र के आधुनिकीकरण को लेकर सांसद कस्वां ने की केन्द्रीय मंत्री गडकरी से मुलाकात

,

संसदीय क्षेत्र सहित राजस्थान में सड़क तंत्र के आधुनिकीकरण को लेकर सांसद कस्वां ने की केन्द्रीय मंत्री गडकरी से मुलाकात

नये हाई स्पीड कॉरिडोर व धार्मिक कॉरिडोर बनाने, एनएच-703 का कार्य शुरू करने व इसके अंतर्गत आने वाले शहरों में बाईपास बनाने जैसे मुद्दों को लेकर हुई वार्ता

दिल्ली/चूरू, सांसद राहुल कस्वां ने मंगलवार को केन्‍द्रीय सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्री नीतिन गडकरी से मुलाकात कर चूरू संसदीय क्षेत्र सहित राजस्थान में सड़क तंत्र के आधुनिकीकरण को लेकर चर्चा की। सांसद कस्वां ने कहा कि मंत्रालय द्वारा नये एनएच-703 की घोषणा की गई है, जो जालंधर, पंजाब से चूरू संसदीय क्षेत्र के नोहर, साहवा, तारानगर, चूरू होते हुए एनएच-52 से जुड़ेगा। राष्ट्रीय राजमार्ग में उन्नयन के लिये नोहर, साहवा, तारानगर, चूरू में बाईपास निर्माण के साथ दो लेन की पक्की सड़क निर्माण की आवश्यकता है। यह अत्यंत ही महत्वपूर्ण मार्ग है जो जयपुर और पंजाब तक सुलभ परिवहन में बड़ी भूमिका निभायेगा। अत: भविष्य की जरूरत के हिसाब से चूरू संसदीय क्षेत्र के इन शहरों (नोहर-साहवा-तारानगर-चूरू) में मौजूदा सड़क को टू लेन में अपग्रेड करते हुए 10 मीटर का चौड़ाईकरण किया जाए। साथ ही इन शहरों में बाईपास निर्माण हेतु डीपीआर तैयार करवाई जाए।

सांसद कस्वां ने नये हाई स्पीड कॉरिडोर निर्माण का सुझाव देते हुए कहा कि मध्यप्रदेश के गरोठ से राजस्थान के श्रीगंगानगर तक वाया कोटा, टोंक, जयपुर, झंझूनू, चूरू, हनुमानगढ़ होते हुए नये हाई स्पीड कॉरिडोर से प्रगति के नये रास्ते खुलेंगे। यह मार्ग कृषि उपज, विनिर्माण वस्तुओं एवं अन्य वाणिज्यिक परिवहन हेतु सुगम व्यवस्था प्रदान करेगा। यह हाई स्पीड कॉरिडोर राजस्थान से निकलने वाले दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे एवं अमृतसर-जामनगर एक्सप्रेस वे को जोड़ने का कार्य करेगा। अत: इस नये हाई स्पीड कॉरिडोर को बनाये जाने हेतु आगामी प्लान में शामिल किया जाए।

साथ ही भठिण्डा, पंजाब से अजमेर तक वाया हनुमानगढ़-चूरू-नागौर तक नये हाई स्पीड कॉरिडोर निर्माण की स्वीकृति जल्द से जल्द जारी किये जाने की मांग की। व्यापारिक व सैन्य दृष्टि से यह मार्ग काफी महत्वपूर्ण है और पूर्वी राजस्थान को उतरी राजस्थान से सीधी कनेक्टिविटी प्रदान करेगा। एनएच-52 व एनएच-58 के ट्रैफिक भार को भी कम करेगा।

इसके अलावा सांसद राहुल कस्वां ने केन्द्रीय मंत्री से कहा कि देश में 6600 किमी. के धार्मिक कॉरिडोर निर्माण का प्रस्ताव मंत्रालय द्वारा किया गया है। राजस्थान में भी ऐसे अनेकों बड़े धार्मिक स्थल हैं जहां अच्छे सड़क तंत्र की अनुपलब्धता के कारण पर्यटन को बढ़ावा नहीं मिल पा रहा है। अत: राजस्थान में भी एक धार्मिक कॉरिडोर एनएच-52 पर स्थित रींगस से शुरू कर खाटू श्यामजी-जीण माता धाम-सालासर बालाजी, धाम-मुकाम धाम होते हुए देशनोक धाम (एनएच-62) तक निर्माण करवाने हेतु आगामी प्लान में शामिल किया जाए।

सांसद कस्वां ने केन्द्रीय मंत्री से एनएच-52 के हरियाणा बॉर्डर-सालासर खण्ड के समाप्ति स्थल पर सालासर में एवं सालासर-नागौर खण्ड पर बोबासर गांव में नये ओवरब्रिज की स्वीकृति को लेकर भी कहा है। एनएच-52 पर विभिन्न स्थानों पर स्वीकृत हो चुके 12 नये ओवरब्रिज, अंडरब्रिज, वीयूपी व सीयूपी का निर्माण कार्य भी जल्द शुरू करने के लिये भी कहा।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City
Ravindra School Jhunjhunu City
Prince School, Islampur