बीकानेर पुलिया के पास ट्रेलर से टकराया टैंकर, चालक गंभीर
रतनगढ़। नेशनल हाईवे-11 पर बीकानेर पुलिया के पास शनिवार को सड़क हादसे में एक टैंकर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल चालक को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली।
ट्रेलर के अचानक ब्रेक लगाने से हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार बाड़मेर निवासी 33 वर्षीय ओमप्रकाश टैंकर में सीमेंट का केमिकल भरकर बीकानेर से रतनगढ़ की ओर आ रहा था।
बताया जा रहा है कि उसके आगे एक ट्रेलर चल रहा था, जिसके सामने अचानक गोवंश आ जाने से चालक ने ब्रेक लगा दिए।
अचानक ब्रेक लगने के कारण पीछे आ रहा टैंकर ट्रेलर से टकरा गया, जिससे टैंकर चालक ओमप्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गया।
डॉक्टरों ने हायर सेंटर किया रेफर
घटना के बाद घायल चालक को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया।
हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
हादसे के बाद चालक फरार
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। वहीं ट्रेलर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी जुटाई है। समाचार लिखे जाने तक मामले में कोई मुकदमा दर्ज नहीं हुआ था।
