ODOP नीति से छोटे उद्यम को मिली डिजिटल पहचान और नया बाजार
चूरू, प्रदेश में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में औद्योगिक क्षेत्र लगातार आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार की एक जिला एक उत्पाद (ODOP) नीति–2024 स्थानीय उद्यमियों के लिए नई संभावनाएं खोल रही है।
इसी कड़ी में चूरू जिले के मुरारी प्रजापत की सफलता कहानी सामने आई है, जिन्होंने इस योजना का लाभ लेकर अपने छोटे से फर्नीचर व्यवसाय को डिजिटल बाजार तक पहुंचा दिया।
छोटे स्तर से शुरू हुआ व्यवसाय
मुरारी प्रजापत ने करीब दो साल पहले लकड़ी के फर्नीचर निर्माण का कार्य शुरू किया था। शुरुआती दौर में उन्हें अपने उत्पादों के विपणन और ग्राहकों तक पहुंच बनाने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
ग्राहकों की कमी और सीमित बाजार के कारण उनका व्यवसाय अपेक्षित गति नहीं पकड़ पा रहा था।
ODOP नीति से मिला डिजिटल प्लेटफॉर्म
मुरारी बताते हैं कि उन्हें जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र के माध्यम से ODOP नीति–2024 की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने योजना का लाभ लेते हुए अपनी यूनिट के लिए एक वेबसाइट तैयार करवाई।
वेबसाइट निर्माण के बाद उन्हें वेबसाइट डेवलपमेंट फीस पुनर्भरण योजना के तहत ₹75,000 की आर्थिक सहायता भी मिली।
ऑनलाइन ऑर्डर से बढ़ी आय
डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़ने के बाद उनके उत्पादों की पहुंच बढ़ी और अब उन्हें ऑनलाइन माध्यम से नियमित ऑर्डर मिलने लगे हैं।
मुरारी कहते हैं,
“डिजिटल मार्केटिंग से हमारे उत्पादों को नई पहचान मिली है और बिक्री में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।”
सरकार के प्रयासों की सराहना
मुरारी प्रजापत ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि ODOP नीति से उनके व्यवसाय को नई दिशा मिली है।
