1968-70 बैच के सहपाठियों ने वर्षों बाद मिलकर ताजा की पुरानी यादें
रतनगढ़। स्थानीय कुरजां रेस्टोरेंट में रघुनाथ विद्यालय के सन् 1968-69 और 1970 बैच के सहपाठी मित्रों द्वारा होली स्नेह मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
लगातार दूसरी बार आयोजित इस कार्यक्रम में स्थानीय और दूर-दराज से आए विद्यार्थियों ने अपने विद्यार्थी जीवन की पुरानी यादें ताजा कीं और एक-दूसरे के साथ सुख-दुख साझा किए।
देश के अलग-अलग शहरों से पहुंचे पूर्व विद्यार्थी
इस स्नेह मिलन में बीकानेर से सेवा निवृत्त डॉ. शिव कुमार स्वामी और डूंगरमल स्वामी, जबकि जयपुर से डॉ. मानाराम मंडार, ऊषा मंडार और एडिशनल एसपी ओम प्रकाश जांगिड़ विशेष रूप से पहुंचे।
सभी ने इस आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे मिलन समारोह हर वर्ष आयोजित होने चाहिए, ताकि पुराने साथियों से जुड़े रहने का अवसर मिलता रहे।
कॉमेडियन दिनेश मारवाड़ी ने बांधा समा
कार्यक्रम के दौरान रतनगढ़ के कॉमेडियन दिनेश मारवाड़ी ने अपने खास अंदाज में सुपरस्टार्स की मिमिक्री और कॉमेडी प्रस्तुत कर सभी का खूब मनोरंजन किया।
इसके बाद सभी मित्रों ने फाल्गुनी गीतों की धुन पर फूलों की होली खेली, जिससे माहौल बेहद खुशनुमा हो गया।
दिवंगत गुरुजनों और पत्रकार को दी श्रद्धांजलि
इस अवसर पर सभी उपस्थित मित्रों ने अपने दिवंगत गुरुजनों, इष्ट मित्रों और रतनगढ़ के वरिष्ठ पत्रकार नारायण बारहठ को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
गुरुजनों का किया सम्मान
कार्यक्रम के समापन के बाद सभी पूर्व विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों लक्ष्मी प्रकाश वर्मा और हरिप्रसाद लाटा के घर जाकर उन्हें श्रीफल और कंबल भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम का संचालन और आभार
कार्यक्रम के संयोजक घनश्याम मिश्रा ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।
वहीं कार्यक्रम का संचालन शिक्षाविद् अनिल लाटा ने किया।
ये लोग रहे उपस्थित
इस अवसर पर पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी ओम प्रकाश जांगिड़, चतुर्भुज गोस्वामी, देवकरण माली, बनवारीलाल महर्षि, मदन सिंह राठौड़, विनोद कुमार वर्मा, शिवलाल ढेवा, हरिशंकर शर्मा, महावीर बुढाढरा, राधेश्याम चौहान, ओम प्रकाश गौड़, महावीर प्रसाद सोनी, पीरूमल भोभरिया, रामावतार ठठेरा, ओम प्रकाश गाड़गिल, हरिराम कड़ेल, हरिप्रकाश इंदौरिया, जगदीश प्रसाद माली, प्रताप वर्मा, अनिरुद्ध दायमा, रामदेव चंदनिया, उम्मेद मिश्रा, निर्मला मिश्रा, अंजू मिश्रा, विजय कुमार भाटी, प्रदीप मिश्रा, कुसुम, विशेष और अरविंद मिश्रा सहित कई पूर्व विद्यार्थी मौजूद रहे।
