चूरू सांसद राहुल कस्वां ने सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के क्षेत्रीय अधिकारी उदीप के. सिंघल से मुलाकात कर जिले में सड़क परिवहन से जुड़े विभिन्न मुद्दों को उठाया।
सांसद ने फोरलेन सड़क, राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण, रीकार्पेटिंग और मानसून पूर्व तैयारियों को लेकर अधिकारियों से जल्द कार्रवाई की मांग की।
सादुलपुर फोरलेन सड़क कार्य जल्द शुरू करने की मांग
राहुल कस्वां ने बताया कि सादुलपुर में पिलानी फाटक ओवरब्रिज से रड़वा बाईपास तक फोरलेन सड़क के लिए करीब 18 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है।
उन्होंने अधिकारियों से इस लेफ्ट आउट पार्ट का निर्माण कार्य जल्द शुरू करवाने की मांग की।
रतनगढ़-फतेहपुर हाईवे की DPR जल्द पूरी करने पर जोर
सांसद ने राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-11 के रतनगढ़-फतेहपुर खंड की डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) का निर्माण जल्द पूरा करने की आवश्यकता भी जताई।
उन्होंने कहा कि इस परियोजना से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था मजबूत होगी।
सादुलपुर-पिलानी हाईवे की रीकार्पेटिंग की मांग
राहुल कस्वां ने बताया कि सादुलपुर-पिलानी राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-709E का डिफेक्ट लायबिलिटी पीरियड (DLP) पूरा हो चुका है।
उन्होंने कहा कि सड़क पर कई जगह गड्ढे हो गए हैं, जिससे वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। ऐसे में नियमानुसार सड़क की रीकार्पेटिंग जल्द शुरू की जाए।
मानसून से पहले नालों की सफाई पर फोकस
सांसद ने आगामी मानसून को देखते हुए राजमार्गों के किनारे बने नालों की सफाई करवाने की भी मांग की।
उन्होंने विशेष रूप से रतनगढ़ में हर वर्ष होने वाले जलभराव का मुद्दा उठाते हुए कहा कि प्रशासन को पहले से तैयारी करनी चाहिए ताकि बारिश के दौरान परेशानी न हो।





