चूरू, सुभाष प्रजापत जिले के राजलदेसर कस्बे में पिछले कुछ समय से मधुमक्खियों का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। सार्वजनिक और व्यस्त इलाकों में जगह-जगह लग रहे मधुमक्खियों के छत्तों के कारण आमजन में भय का माहौल बना हुआ है।
राहगीरों और स्थानीय लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अब इस गंभीर समस्या को देखते हुए राजलदेसर नगरपालिका प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है।
ईओ सहदेव चारण ने दिए कार्रवाई के निर्देश
नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी (EO) सहदेव चारण ने बताया कि नगरपालिका क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ऐसे सभी सार्वजनिक स्थान, जहां लोगों की आवाजाही अधिक रहती है, वहां लगे मधुमक्खियों के छत्तों को तुरंत हटाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सामान्य रूप से यह नियमित प्रक्रिया है, लेकिन जहां आमजन की सुरक्षा को खतरा है या लगातार शिकायतें मिल रही हैं, वहां प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
सुभाष चौक और बस स्टैंड क्षेत्र में बढ़ी समस्या
कस्बे के सुभाष चौक और बस स्टैंड जैसे व्यस्त इलाकों में भी बड़े-बड़े मधुमक्खियों के छत्ते होने की शिकायतें सामने आई हैं।
इस पर गंभीरता दिखाते हुए नगरपालिका प्रशासन ने संबंधित टीम को निर्देश जारी कर दिए हैं। जल्द ही इन स्थानों पर कार्रवाई कर छत्तों को हटाया जाएगा।
लोगों ने ली राहत की सांस
नगरपालिका प्रशासन के आश्वासन के बाद स्थानीय नागरिकों ने राहत महसूस की है। लोगों का कहना है कि लंबे समय से इस समस्या के कारण बाजार और सार्वजनिक स्थानों पर आने-जाने में डर बना हुआ था।
अब उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द कार्रवाई होने से आमजन को इस परेशानी से राहत मिलेगी।





