चूरू जिले के राजलदेसर में खेत की डिग्गी में गिरने से एक 10 वर्षीय बालक की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
खेत में खेलते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर 8 निवासी कानाराम, पुत्र मनोज कुमार, मंगलवार शाम करीब 5 बजे खेत में बनी डिग्गी के पास खेल रहा था।
बताया जा रहा है कि बालक का खेत में आना-जाना रहता था। खेलते समय अचानक उसका पैर फिसल गया और वह डिग्गी में गिर गया।
गहरे पानी के कारण बढ़ी मुश्किल
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। एएसआई ईश्वर राम ने बताया कि डिग्गी में पानी काफी गहरा था, जिसके कारण बालक की तलाश में परेशानी हुई।
इसके बाद डिग्गी की पाल तोड़कर पानी खाली करवाया गया। काफी मशक्कत के बाद बालक का शव पानी में डूबा मिला।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा
पुलिस ने शव को राजकीय चिकित्सालय राजलदेसर की मोर्चरी में रखवाया। अगले दिन सुबह परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम करवाया गया।
इसके बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
इलाके में शोक की लहर
मासूम की मौत के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर खेतों में बनी खुली डिग्गियों पर सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है।




