चूरू जिले के राजगढ़ थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को 3.59 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) और 100 नशीली टेबलेट के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस अब इस मामले में नशा सप्लाई करने वाले नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।
पुलिस को देखकर पोल के पीछे छिपा युवक
थानाधिकारी राजेश कुमार सिहाग ने बताया कि एसआई कमलेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम सादुलपुर-पिलानी रोड स्थित तिराहे के पास गश्त कर रही थी।
इसी दौरान सड़क किनारे खड़ा एक युवक पुलिस वाहन देखकर बिजली के पोल के पीछे छिपने लगा। शक होने पर पुलिस ने उसका पीछा कर रोक लिया।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम सुरेन्द्र उर्फ स्कूटर निवासी वार्ड नंबर 37, मोहल्ला रामबास, राजगढ़ बताया।
तलाशी में मिली हेरोइन और नशीली टेबलेट
पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर आरोपी की पैंट की जेब से काले रंग की प्लास्टिक थैली बरामद हुई।
थैली में:
- 3.59 ग्राम हेरोइन (चिट्टा)
- 100 टैपेंटाडोल हाइड्रोक्लोराइड 100 एमजी टेबलेट
बरामद हुईं।
पुलिस के अनुसार सभी टेबलेट एक ही कंपनी की थीं।
नोहर से नशा लाने की बात कबूली
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह 14 मई को नोहर निवासी अजहरू पठान से हेरोइन और नशीली टेबलेट लेकर आया था।
पुलिस के अनुसार दोनों के बीच मोबाइल फोन पर लगातार संपर्क था।
सप्लायर की तलाश में पुलिस
राजगढ़ थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
बरामद मादक पदार्थ और टेबलेट को सील कर जब्त कर लिया गया है। वहीं अब पुलिस नोहर निवासी सप्लायर अजहरू पठान की तलाश में जुटी है।
पूरे नेटवर्क की जांच भी की जा रही है।





