चूरू जिले के सादुलपुर-राजगढ़ नगरपालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर 33 में पिछले दो दिनों से खच्चरों का आतंक बना हुआ है।
शुक्रवार दोपहर एक सफेद रंग के बौराए खच्चर ने गली में खेल रहे बच्चे और एक युवक पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया।
बच्चे को दबोचकर काटा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करीब 8 से 10 वर्षीय लक्की शर्मा गली में दुकान की ओर जा रहा था।
इसी दौरान तीन खच्चरों का झुंड वहां पहुंचा और एक सफेद खच्चर ने अचानक बच्चे पर हमला कर दिया।
खच्चर ने बच्चे को दबोचकर कई जगह काट लिया।
मजदूरों ने बचाई जान
मौके पर मौजूद राजेश शर्मा और मकान निर्माण में लगे मजदूरों ने शोर सुनते ही दौड़ लगाई।
मजदूरों ने लाठी-डंडों की मदद से बड़ी मुश्किल से बच्चे को खच्चर के चंगुल से छुड़वाया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते मदद नहीं मिलती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
वेल्डिंग कारीगर पर भी हमला
इसी खच्चर ने रामावतार शर्मा नामक वेल्डिंग कारीगर पर भी हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि खच्चर ने उन्हें सड़क पर घेरकर कई जगह काट खाया।
घायल युवक को अस्पताल में भर्ती करवाकर प्राथमिक उपचार दिया गया।
CCTV में कैद हुई घटना
खच्चर के हमले की पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
इलाके में दहशत का माहौल
हमले के बाद वार्ड 33 में लोगों में डर का माहौल है।
अभिभावकों ने बच्चों को घर से बाहर खेलने भेजना बंद कर दिया है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगरपालिका की लापरवाही के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
खच्चर पकड़ने पहुंची नगरपालिका टीम
घटना की सूचना मिलने पर राजगढ़ नगरपालिका ने कर्मचारियों की टीम मौके पर भेजी।
नगरपालिका कर्मचारी खच्चर को पकड़ने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन फिलहाल वह मोहल्ले में घूमता नजर आ रहा है।




