दो सरकारी आवासों के ताले टूटे, जेवर व नकदी चोरी
रतनगढ़ (चूरू)। शहर स्थित 400 केवी जीएसएस में कार्यरत दो कर्मचारियों के सरकारी आवासों के ताले तोड़कर चोरों ने लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया। एक पीड़ित कर्मचारी ने थाने में लिखित रिपोर्ट दी है।
शादी में गए थे परिवार सहित
मिली जानकारी के अनुसार श्रीगंगानगर के सादुलशहर निवासी बालूराम प्रजापत, जो रतनगढ़ के 400 केवी जीएसएस में इलेक्ट्रिकल सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत हैं, 17 फरवरी को परिवार सहित गांव गए थे।
वापस लौटने पर उनके सरकारी आवास के ताले टूटे हुए मिले और घर का सामान बिखरा पड़ा था।
11 लाख के जेवर और नकदी चोरी
रिपोर्ट के अनुसार चोरों ने आलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण और 35 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए।
पीड़ित ने आभूषणों की कीमत करीब 11 लाख रुपये बताई है।
महिला कर्मचारी के घर भी वारदात
इसी जीएसएस में कार्यरत एक अन्य महिला कर्मचारी रजनी के सरकारी आवास के ताले भी तोड़े गए।
हालांकि इस मामले में चोरी हुए सामान की कीमत का अभी तक स्पष्ट आंकलन नहीं हो पाया है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना पर पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और आसपास के क्षेत्र में पूछताछ शुरू की है।
