Hindi News / Churu News (चुरू समाचार) / Churu News : रतनगढ़ में साइबर ठगी के 15 लाख रुपये रिफंड

,

Churu News : रतनगढ़ में साइबर ठगी के 15 लाख रुपये रिफंड

इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर एजेंसी दिलाने के नाम पर हुई थी साइबर ठगी

Ratangarh police refund cyber fraud money to victim successfully

चूरू जिले के रतनगढ़ थाना क्षेत्र में इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर एजेंसी दिलाने के नाम पर हुई 15 लाख रुपये की साइबर धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूरी राशि पीड़ित के खाते में वापस ट्रांसफर करवाई है।

यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक (साइबर क्राइम) जयपुर और पुलिस अधीक्षक चूरू निश्चय प्रसाद के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘म्यूल हंटर’ के तहत की गई।

एजेंसी दिलाने के नाम पर हुई ठगी

जानकारी के अनुसार, रतनगढ़ निवासी मंजू कंवर और उनके पति गोविंद सिंह ने जुलाई 2025 में गूगल पर इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर एजेंसी के विज्ञापन को देखकर आवेदन किया था।

इसके बाद तेलंगाना की पीयूआरई एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के प्रतिनिधियों ने डीलरशिप और माल सप्लाई के नाम पर उनसे अलग-अलग किश्तों में करीब 15 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए।

राशि लेने के बाद कंपनी ने न तो माल भेजा और न ही संतोषजनक जवाब दिया।

साइबर पोर्टल 1930 से शुरू हुई कार्रवाई

पीड़ितों ने मामले की शिकायत नेशनल साइबर क्राइम पोर्टल और हेल्पलाइन 1930 पर दर्ज करवाई।

इसके बाद रतनगढ़ थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित बैंक खातों की KYC और बैंक स्टेटमेंट जुटाए। विभिन्न बैंकों और नोडल अधिकारियों से संपर्क कर विवादित राशि को होल्ड करवाया गया।

अदालत के आदेश पर वापस मिली राशि

मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक रामनिवास द्वारा की गई। जांच में सामने आया कि कंपनी ने परिवादी की फर्म कृष्णा बिजनेस एवं प्रॉपर्टीज को कोई माल डिलीवर नहीं किया था।

बाद में पीड़ित पक्ष ने ACJM रतनगढ़ से आदेश प्राप्त किया, जिसके बाद पुलिस ने अग्रिम कार्रवाई करते हुए पूरी 15 लाख रुपये की राशि सुरक्षित रूप से पीड़ित के खाते में ट्रांसफर करवा दी।

इस कार्रवाई में कांस्टेबल महेंद्र और कांस्टेबल मुकेश की विशेष भूमिका रही।

पुलिस ने जारी की साइबर एडवाइजरी

रतनगढ़ पुलिस ने इस मामले के बाद आमजन को साइबर ठगी से बचने के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी है।

पुलिस के अनुसार:

  • किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें
  • सोशल मीडिया अकाउंट पर टू-स्टेप वेरिफिकेशन ऑन रखें
  • अनजान नंबर से आने वाली वीडियो कॉल स्वीकार न करें
  • व्हाट्सएप पर आई APK फाइल इंस्टॉल न करें
  • ओटीपी, एटीएम पिन और बैंक डिटेल किसी से साझा न करें
  • संदिग्ध लेनदेन होने पर तुरंत 1930 पर शिकायत करें

पुलिस ने जनगणना के नाम पर आने वाले फर्जी कॉल और फाइलों से भी सावधान रहने की अपील की है।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City
Shivonkar Maheshwari Technical Institute
Ravindra School Jhunjhunu City
Prince School, Islampur