चूरू जिले के रतनगढ़ शहर में शुक्रवार को बड़ा हादसा टल गया।
रमा देवी शिवालय के पीछे स्ट्रीट लाइट दुरुस्त करने के दौरान अचानक दो बिजली के पोल गिर गए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
स्ट्रीट लाइट ठीक करने पहुंचे थे कर्मचारी
जानकारी के अनुसार क्षेत्र में लगे एक बिजली पोल पर स्ट्रीट लाइट खराब थी।
शिकायत मिलने के बाद नगरपालिका ठेकेदार के कर्मचारी उसे ठीक करने पहुंचे थे।
पोल गिरते ही दूसरा पोल भी धराशायी
जब कर्मचारी पोल पर चढ़कर मरम्मत कार्य कर रहे थे, तभी अचानक पोल गिर गया।
पहले पोल के गिरने से तारों में खिंचाव हुआ और पास में लगा दूसरा पोल भी गिर पड़ा।
तेज आवाज से सहमे लोग
दोनों पोल गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग डर गए और मौके पर भीड़ जमा हो गई।
घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया।
बिजली आपूर्ति की गई बंद
मोहल्ले के शिवप्रसाद सैनी ने घटना की सूचना जोधपुर डिस्कॉम अधिकारियों को दी।
इसके बाद डिस्कॉम कर्मचारियों ने सुरक्षा के मद्देनजर बिजली सप्लाई बंद कर दी।
जर्जर पोल को लेकर पहले भी दी थी शिकायत
स्थानीय निवासी मंजूदेवी लुहार और तिलोकचंद प्रजापत ने बताया कि बिजली पोल लंबे समय से जर्जर हालत में था।
उन्होंने दावा किया कि इस संबंध में कई बार विभाग को मौखिक शिकायत भी दी गई थी, लेकिन समय पर कार्रवाई नहीं होने के कारण यह हादसा हुआ।
बड़ा हादसा टला
गनीमत रही कि घटना के समय आसपास कोई राहगीर मौजूद नहीं था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि उस समय सड़क पर भीड़ होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।




