चूरू जिले के रतनगढ़ में कामगार समाज के लोगों ने प्रदेशभर में समाज के साथ हो रही कथित अन्याय और अत्याचार की घटनाओं के विरोध में प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन उपखंड अधिकारी मिथलेश कुमार को सौंपा गया।
समाज के लोगों ने जताया रोष
कामगार समाज अध्यक्ष हरिप्रसाद हर्षवाल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में समाज के लोग एकत्रित हुए।
समाज के प्रतिनिधियों ने विभिन्न घटनाओं का उल्लेख करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
विधायक पर लगाए गंभीर आरोप
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि श्रीगंगानगर विधायक द्वारा कामगार समाज से जुड़े अनुसूचित जाति वर्ग के एक JEN के साथ मारपीट और बदसलूकी की गई।
इसके अलावा खैरथल-तिजारा में विधायक महंत बालकनाथ द्वारा कथित रूप से जातिसूचक टिप्पणी कर समाज की भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाया गया।
चूरू जिले की घटनाओं का भी जिक्र
ज्ञापन में रतनगढ़ जालेऊ क्षेत्र में कामगार समाज के एक परिवार के साथ मारपीट और रामसीसर भेड़िवालिया गांव में मेघवाल समाज के एक व्यक्ति को आत्महत्या के लिए मजबूर करने जैसे मामलों का भी उल्लेख किया गया।
समाज के लोगों ने इन घटनाओं में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
फायरिंग मामले में भी उठाई मांग
कामगार समाज ने रतनगढ़ के पूर्व प्रतिपक्ष नेता राजेंद्र कुमार बबेरवाल के घर पर हुई फायरिंग के मामले में मुख्य आरोपी के खिलाफ तुरंत सख्त कार्रवाई की मांग की।
साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की बात कही।
समाज में बढ़ा आक्रोश
समाज के प्रतिनिधियों का कहना है कि लगातार घटनाएं सामने आने के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं होने से समाज में भारी नाराजगी है।
उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई कर न्याय दिलाने की मांग की।
बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद
इस दौरान श्रवण कुमार सोडा, मोहनलाल सैनी, जयचंद महावर, पवन मारू, फकीरचंद दानोदिया, भंवरलाल जसैल, वीरेंद्र कुमार बुनकर सहित समाज के कई प्रतिनिधि और प्रबुद्धजन मौजूद रहे।





