रतनगढ़। तहसील के गांव खोथड़ी में खेत में बनी पानी की कुंड में डूबने से 46 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
पुलिस ने मृतक के बड़े भाई की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मवेशियों को लेकर खेत गया था मृतक
पुलिस के अनुसार सुरेश पुत्र गंगाराम स्वामी ने रिपोर्ट दी कि उसका छोटा भाई धर्मेंद्र उर्फ धर्माराम शुक्रवार को मवेशियों को लेकर खेत गया था।
कुछ समय बाद उनके चाचा का लड़का जयप्रकाश पुत्र जुहारमल भी खेत पहुंचा, लेकिन धर्मेंद्र खेत में कहीं दिखाई नहीं दिया।
खुला मिला कुंड का ढक्कन
जयप्रकाश ने खेत में बनी पानी की कुंड का ढक्कन खुला देखा। जब उसने कुंड में झांककर देखा तो धर्मेंद्र पानी में तैरता हुआ दिखाई दिया।
इसके बाद परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और धर्मेंद्र को कुंड से बाहर निकालकर जिला अस्पताल लेकर आई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शनिवार को पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।




