चूरू जिले के रतनगढ़ शहर की पारीक बस्ती इन दिनों गंभीर पेयजल संकट से जूझ रही है। वार्ड संख्या 41 के लोग पिछले करीब 20 दिनों से पानी की समस्या का सामना कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
पूर्व विधायक को भी कराया गया अवगत
मोहल्ले के भरत पारीक ने बताया कि क्षेत्र की समस्या को लेकर पूर्व विधायक अभिनेष महर्षि को भी अवगत करवाया गया था, लेकिन अब तक हालात जस के तस बने हुए हैं।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार को विभागीय अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण भी किया।
कुछ देर आया पानी, फिर बंद हुई सप्लाई
स्थानीय लोगों के अनुसार अधिकारियों ने बताया कि ट्यूबवेल नंबर 1 और 79 को इस क्षेत्र से जोड़ दिया गया है।
हालांकि शुक्रवार को कुछ समय के लिए पानी की सप्लाई शुरू हुई, लेकिन थोड़ी देर बाद फिर स्थिति पहले जैसी हो गई।
खराब पड़ा है ट्यूबवेल नंबर 2
बताया जा रहा है कि पहले इस वार्ड में ट्यूबवेल नंबर 2 से पानी की सप्लाई होती थी, लेकिन वर्तमान में वह खराब पड़ा हुआ है।
निर्वतमान पार्षद मुख्तयार खान ने आरोप लगाया कि विभागीय अधिकारी केवल निरीक्षण कर चले जाते हैं, लेकिन समाधान की दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही।
नहरबंदी से और बढ़ी परेशानी
स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले करीब एक माह से नहरबंदी चल रही है, जिससे पानी संकट और गहरा गया है।
साथ ही विभाग के कई स्थानीय जल स्रोत बंद पड़े होने के कारण स्थिति और अधिक गंभीर हो रही है।
लोगों ने जल्द समाधान की मांग की
पारीक बस्ती के निवासियों ने जलदाय विभाग से जल्द स्थायी समाधान की मांग की है ताकि गर्मी के मौसम में लोगों को राहत मिल सके।





