चूरू जिले के रतनगढ़ क्षेत्र में पिछले दो दिनों से बदले मौसम के कारण बिजली व्यवस्था प्रभावित हो गई है। बुधवार शाम आए तेज अंधड़ के बाद शहर और ग्रामीण इलाकों में बिजली संकट गहरा गया।
लोगों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद जोधपुर डिस्कॉम के अधिकारी फोन तक नहीं उठा रहे, जिससे आमजन में भारी नाराजगी है।
तीन दर्जन से अधिक बिजली पोल गिरे
जानकारी के अनुसार तेज आंधी और खराब मौसम के चलते ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में करीब तीन दर्जन से अधिक बिजली पोल गिर गए।
इसके कारण कई गांवों और शहर के विभिन्न वार्डों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। कई इलाकों में लंबे समय तक बिजली नहीं आने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
एफआरटी टीम और अधिकारियों से नहीं हो पा रहा संपर्क
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब वे बिजली संबंधी समस्या की जानकारी लेने के लिए एफआरटी टीम को फोन करते हैं तो मोबाइल बंद आता है।
वहीं जेईएन, एईएन और एक्सईएन के फोन पर घंटी जाने के बावजूद कॉल रिसीव नहीं किए जा रहे।
एक स्थानीय निवासी ने कहा,
“दो दिनों से बिजली समस्या बनी हुई है, लेकिन अधिकारी जवाब देना भी जरूरी नहीं समझ रहे।”
लोगों में बढ़ा आक्रोश
लोगों का आरोप है कि जोधपुर डिस्कॉम अधिकारियों की जनता के प्रति जवाबदेही बेहद कमजोर हो गई है।
नाराज लोगों ने इस मामले की मौखिक शिकायत एसडीएम और जोधपुर डिस्कॉम के अधीक्षण अभियंता से भी की है।
बिजली संकट से दैनिक जीवन प्रभावित
लगातार बिजली बाधित रहने से लोगों को पानी, गर्मी और अन्य जरूरी कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों और शहरवासियों ने जल्द बिजली व्यवस्था सुचारू करने और अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की है।




