स्टेडियम के पास गोवंश आने से हादसा, पुलिया नंबर चार पर महिला गिरी
रतनगढ़ (चूरू)। शहर में सोमवार को दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
पुलिस ने दोनों मामलों में कार्रवाई शुरू कर दी है।
स्टेडियम के पास हादसा, व्यक्ति की मौत
पुलिस के अनुसार शंकरलाल नाई अपने साडू सुनील कुमार को बस में बैठाने के लिए स्कूटी से बस स्टैंड की ओर जा रहे थे।
स्टेडियम के पास अचानक गोवंश सामने आ जाने से स्कूटी असंतुलित हो गई और वे सड़क पर गिर पड़े।
गंभीर चोट लगने पर परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक के छोटे भाई राजकुमार की रिपोर्ट पर पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिया नंबर चार के पास महिला घायल
दूसरी घटना शहर की पुलिया संख्या चार के पास हुई।
मिली जानकारी के अनुसार हनुमानगढ़ निवासी 49 वर्षीय रेखा पत्नी कैलाश शर्मा सुबह स्कूटी से जा रही थीं।
स्कूटी स्लिप होने से वे अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं।
आसपास के लोगों ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रैफर कर दिया गया।
बढ़ते हादसे, सतर्कता जरूरी
रतनगढ़ शहर में लगातार सामने आ रहे सड़क हादसे चिंता का विषय बनते जा रहे हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि सड़क पर अचानक पशु आना और तेज रफ्तार दुर्घटनाओं का बड़ा कारण है। प्रशासन और वाहन चालकों को सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।
