चूरू जिले के रतनगढ़ थाना क्षेत्र में गुरुवार को दो अलग-अलग घटनाओं में दो युवकों की मौत हो गई, जिससे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
कुंड में गिरने से युवक की मौत
पहली घटना रघुनाथपुरा गांव की है।
पुलिस के अनुसार, बाबूलाल ने रिपोर्ट दी कि उसका 34 वर्षीय भाई अशोक कुमार बुधवार को मवेशी चराने खेत गया था, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटा।
परिजनों ने तलाश की तो वह खेत में बने कुंड में गिरा हुआ मिला।
उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दूसरी घटना: युवक ने फांसी लगाई
दूसरी घटना गुंसाई मंदिर बस्ती की है, जहां 19 वर्षीय रोहित ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी।
रोहित के पिता कालूराम वाल्मीकि ने पुलिस को रिपोर्ट दी।
परिजनों के अनुसार, रोहित पिछले कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान था।
पुलिस ने दर्ज की मर्ग
दोनों मामलों में पुलिस ने मर्ग दर्ज कर पोस्टमार्टम करवाया और शव परिजनों को सौंप दिया।
फिलहाल पुलिस दोनों घटनाओं की जांच में जुटी हुई है।



