Hindi News / Churu News (चुरू समाचार) / Churu News : तीन स्थानों पर विराट हिन्दू सम्मेलन आयोजित

Churu News : तीन स्थानों पर विराट हिन्दू सम्मेलन आयोजित

Virat Hindu Sammelan held at three locations in Ratangarh

संतों के सान्निध्य में समरसता, संस्कार और राष्ट्रभाव का संदेश
रतनगढ़ में चार बस्तियों के सर्व समाज के नागरिकों द्वारा तीन अलग-अलग स्थानों पर विराट हिन्दू सम्मेलन आयोजित किए गए।

पहला सम्मेलन सुबह 11 बजे संचियालाल आदर्श विद्या मंदिर में संत रविदास बस्ती व आचार्य महाप्रज्ञ बस्ती द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित हुआ। इसमें नौसरिया के पूज्य संत सीताराम महाराज का सान्निध्य रहा।

दूसरा सम्मेलन दोपहर 1 बजे संत हरिदास मंदिर प्रांगण में भगतसिंह बस्ती द्वारा संत सीताराम महाराज नौसरिया एवं योगेशनाथ महाराज के सान्निध्य में आयोजित किया गया।

तीसरा सम्मेलन दोपहर 3 बजे दी यंग्स वेलफेयर सोसाइटी भवन में श्रीराम बस्ती के सर्व समाज द्वारा संत सुरजीतनाथ महाराज (राजलदेसर) के सान्निध्य में सम्पन्न हुआ।


संतों का समरसता का संदेश

संचियालाल आदर्श विद्या मंदिर एवं संत हरिदास मंदिर में आयोजित सम्मेलनों में संत सीताराम महाराज ने जाति-पांति त्यागकर स्नेह, समरसता और सौहार्द के साथ राष्ट्र उन्नति हेतु कार्य करने का आह्वान किया।

दी यंग्स वेलफेयर सोसाइटी भवन में संत सुरजीतनाथ महाराज ने मातृशक्ति को संबोधित करते हुए बच्चों को सुसंस्कार देने और महापुरुषों के आदर्शों के अनुरूप जीवन निर्माण की प्रेरणा दी।


मुख्य वक्ता का संबोधन

तीनों सम्मेलनों में मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला सह कार्यवाह रामकृष्ण सावरकर उपस्थित रहे।

उन्होंने समाज में परस्पर स्नेह, स्वदेशी संस्कृति, संयुक्त परिवार व्यवस्था और राष्ट्रीय भावना को सर्वोपरि रखने पर बल दिया।


सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और सम्मान

सम्मेलनों का शुभारंभ संतों व अतिथियों द्वारा भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया।

विद्या मंदिर के बच्चों ने स्वागत गीत, देशभक्ति गीत और नृत्य नाटिकाएं प्रस्तुत कीं। वहीं सोसाइटी भवन में होली स्नेह मिलन, श्याम संग फूलों की होली, जीण माता मंदिर चंग कमेटी द्वारा फाल्गुन गीत एवं राजस्थानी लोक नृत्य की प्रस्तुति दी गई।

समारोहों में विभिन्न वर्गों के गणमान्य नागरिकों को मंचासीन कर भारत माता का चित्र भेंट कर सम्मानित किया गया।


आयोजन व आभार

कार्यक्रमों का संचालन कृपा शंकर स्वामी, धनराज इंदौरिया एवं शिवकरण शर्मा ने किया।
आयोजन समितियों की ओर से प्राचार्य शरद कुमार, वैद्य लक्ष्मीनारायण शर्मा एवं विश्वनाथ शर्मा ने आभार प्रकट किया।

सम्मेलनों में सैकड़ों की संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।