Hindi News / Churu News (चुरू समाचार) / राजस्थान में हो रहे रिकॉर्ड तोड़ विकास कार्य – मंत्री गोविंद मेघवाल

,

राजस्थान में हो रहे रिकॉर्ड तोड़ विकास कार्य – मंत्री गोविंद मेघवाल

आपदा प्रबंधन मंत्री ने देवीपुरा ग्राम पंचायत मुख्यालय पर किया पंचायत भवन का शिलान्यास

चूरू, आपदा प्रबंधन एवं सहायता, प्रशासनिक सुधार और समन्वय, सांख्यिकी विभाग एवं नीति निर्धारण प्रकोष्ठ मंत्री गोविंद राम मेघवाल तथा विधायक नरेंद्र बुडानिया ने बुधवार को तारानगर विधानसभा क्षेत्र के नवसृजित देवीपुरा ग्राम पंचायत मुख्यालय पर पंचायत भवन का शिलान्यास किया तथा नव क्रमोन्नत शहीद दानाराम राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय का उद्घाटन किया। इस मौके पर सरपंच चांदकौर की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आपदा प्रबंधन मंत्री गोविंद मेघवाल ने विधायक नरेंद्र बुडानिया की कार्यशैली और तारानगर में करवाए जा रहे विकास कार्यों की मुक्त कंठ से सराहना की और कहा जनता को अच्छे जनप्रतिनिधियों को आगे बढ़ाकर प्रजातंत्र को मजबूत करने का काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के कुशल नेतृत्व में प्रदेश के विकास के लिए उल्लेखनीय एवं अद्भुत कार्य किए जा रहे हैं। कोविड महामारी के समय राजस्थान ने देश में सर्वश्रेष्ठ प्रबंधन किया और बेहतरीन इंतजाम किए। मुख्यमंत्री ने रिकॉर्ड तोड़ बजट पेश किया है, जिसकी पूरे देश में सराहना हो रही है। प्रदेश के प्रत्येक जिले में मेडिकल कॉलेज स्थापित किया जा रहा है। महिलाओं को मोबाइल व विद्यार्थियों को स्कॉलरशिप दी जा रही है। मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के रूप में प्रत्येक परिवार को दस लाख रुपए तक के निःशुल्क इलाज की व्यवस्था की जा रही है, जो पूरे देश में एक मिसाल है। उन्होंने ग्रामीणों को अपने बच्चों की शिक्षा और खास तौर पर बालिका शिक्षा के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि बाबा साहब अंबेडकर ने कहा था कि शिक्षा वह शेरनी का दूध है, जिसे पीने वाला दहाड़ेगा। मंत्री मेघवाल ने इस दौरान अंडर ब्रिज एवं पेयजल टंकी सहित विभिन्न विकास कार्यों के लिए हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया।

शेष जीवन तारानगर क्षेत्र के लोगों की सेवा में गुजारूंगा

कार्यक्रम के दौरान विधायक नरेंद्र बुडानिया ने तारानगर क्षेत्र में करवाए गए कायोर्ं की चर्चा करते हुए कहा कि वे तारानगर के विकास में कोई कोर कसर नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि तारानगर क्षेत्र में 20 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई के लिए नहर का काम शुरू हो गया है। इससे चूरू जिले में नहरी पानी की सुविधा का विस्तार का रास्ता खुल गया है। बुडानिया ने कहा कि पिछले साढे 3 साल में क्षेत्र में सड़क, स्वास्थ्य, पेयजल, विद्युत और उच्च शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में भरपूर विकास कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि मैं अपना शेष जीवन तारानगर क्षेत्र के लोगों की सेवा में ही गुजारूंगा।

अनेक विकास कार्यों की हुई घोषणाएं

कार्यक्रम में विधायक बुडानिया ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों के अनुरोध पर देवीपुरा में पेयजल टंकी, कालोड़ी से सांखू फोर्ट सड़क, जयपुरिया खालसा में उच्च प्राथमिक विद्यालय स्वीकृत करवाने, पंचायत भवन देवीपुरा की चारदीवारी बनवाने, जयपुरिया खालसा में 40 केवीए ट्रांसफॉर्मर और देवीपुरा के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में दो कक्षा-कक्षों के निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्य करवाने का आश्वासन दिया और कहा कि इसके अलावा भी क्षेत्र की जनता की जो मांग होगी, उसे पूरा करने का वे भरसक प्रयत्न करेंगे। कार्यक्रम के दौरान भामाशाह रणवीर झाझड़िया ने देवीपुरा के उच्च माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए टिन शेड बनवाने की घोषणा की।

तारानगर के विकास कार्यों की सराहना

पूर्व विधायक नंदलाल पूनिया, तारानगर प्रधान संजय कस्वां, पूर्व प्रधान निर्मला सिंघल ने विचार व्यक्त करते हुए तारानगर विधायक द्वारा करवाए जा रहे विकास कार्यों को सराहा। सीबीईओ दीवान सिंह ने स्वागत भाषण में आयोजकीय जानकारी दी। प्रधानाचार्य चंद्रकला एवं शिक्षकों ने अतिथियों को प्रतीक चिन्ह प्रदान किए। सुरेंद्र सिंह राठौड़ ने विभिन्न आवश्यकताओं से अवगत करवाया। इस दौरान एएसपी बृजमोहन असवाल, हर्ष लाम्बा, सीबीईओ दीवान सिंह सूरा, जिला परिषद सदस्य विमला कालवा, विद्याधर मेघवाल, रणबीर झाझड़िया, बीडीओ अमरजीत सिंह, नायब तहसीलदार महावीर सिंह, सुरेंद्र सिंघल आदि भी मंच पर मौजूद रहे। सुरेंद्र राठौड़, मनोज बाडेटिया, रणवीर झाझड़िया, रामकृष्ण सहारण, किशन गुरावा, सावन सिंह राठौड़, जुगलाल आदि ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में एक्सईएन रामकुमार झाझड़िया, सांख्यिकी विभाग के सहायक निदेशक अनिल शर्मा, सीपीओ जगदीश जांगिड़, थाना अधिकारी कृष्ण कुमार, अनीता पूनिया, हरिसिंह बेनीवाल, सुरेंद्र सिंघल, राजकुमार बेनीवाल, मुंशी खान, नत्थू राम, विद्याधर मेघवाल, आजाद, मोहर सिंह धाणक, मुकेश इंदौरा, जयचंद शर्मा, दानाराम मेघवाल सहित देवीपुरा, झोथड़ा, जयपुरिया खालसा, लीलकी, कालोड़ी, ददरेवा सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे। समारोह के दौरान देवीपुरा ग्राम पंचायत की ओर से शहीद वीरांगनाओं का सम्मान किया गया। संचालन दिनेश स्वामी और रणवीर धींधवाल ने किया।

शहीदों को किया नमन

समारोह से पहले गांव में पहुंचने पर मंत्री मेघवाल, विधायक बुडानिया, प्रधान कस्वां सहित जनप्रतिनिधियों ने शहीद दानाराम कुलड़िया, शहीद बीरबल झाझड़िया और शहीद पंकज झाझड़िया की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इससे पूर्व दूधवाखारा गांव में पहुंचने पर आपदा प्रबंधन मंत्री मेघवाल एवं विधायक बुडानिया का तारानगर पंचायत समिति की ओर से प्रधान संजय कस्वां के नेतृत्व में जोरदार स्वागत किया गया। हड़ियाल, राजू की ढाणी, रतनपुरा में हर्ष लांबा सहित ग्रामीणों ने मंत्री एवं विधायक का विभिन्न स्थानों पर स्वागत किया। हड़ियाल में उन्होंने शहीद शक्ति सिंह राठौड़ के की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City
Shivonkar Maheshwari Technical Institute
Ravindra School Jhunjhunu City
Prince School, Islampur