चूरू। जिले के सादुलपुर कस्बे में देर रात बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। अंबेडकर सर्किल के पास हिसार रोड स्थित एक प्राइवेट ATM को बदमाशों ने गैस कटर से काटकर उसमें रखी लाखों रुपए की नकदी चोरी कर ली।
घटना का पता बुधवार सुबह लगने पर इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
गैस कटर से काटा ATM
जानकारी के अनुसार, हिसार रोड पर हिटाची कंपनी की पार्टनरशिप में लगाया गया प्राइवेट ATM बदमाशों के निशाने पर आ गया।
अज्ञात चोरों ने देर रात ATM के निचले हिस्से को गैस कटर से काटा और नकदी रखने वाले हिस्से से करीब 4 लाख रुपए से अधिक की राशि निकालकर फरार हो गए।
CCTV कैमरों पर किया ब्लैक स्प्रे
वारदात को अंजाम देने से पहले बदमाशों ने ATM के अंदर लगे CCTV कैमरों पर ब्लैक स्प्रे कर दिया, ताकि उनकी पहचान कैमरे में रिकॉर्ड न हो सके।
इससे साफ माना जा रहा है कि आरोपी पूरी तैयारी के साथ वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे।
सुबह खुलासा होने पर मचा हड़कंप
ATM संचालक नवनीत कुमार जांगिड़ ने बताया कि वह मंगलवार रात करीब 11 बजे ATM बंद कर घर चले गए थे।
सुबह करीब 8 बजे वापस आने पर उन्होंने देखा कि ATM मशीन का निचला हिस्सा कटा हुआ था और नकदी रखने वाले दराज खाली पड़े थे।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मौका मुआयना किया।
पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अज्ञात बदमाशों की तलाश शुरू कर दी गई है।
क्षेत्र में दहशत का माहौल
सादुलपुर में ATM काटकर हुई इस बड़ी चोरी की घटना के बाद व्यापारियों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों ने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।





