चूरू जिले के सादुलपुर शहर में देर रात एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। बस स्टैंड क्षेत्र में एक कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी दीवार से जा टकराई। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, वहीं आसपास रखे खोखे, रेहड़ियां और जनरेटर भी टूट गए।
टेंपू को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा
कार चालक सोनू ने बताया कि वह हिसार का निवासी है और सादुलपुर के एक निजी अस्पताल में नौकरी करता है। देर रात वह बस स्टैंड क्षेत्र में खाना खाने के दौरान दही लेने जा रहा था।
इसी दौरान सामने से एक वाहन आ रहा था और अचानक बीच सड़क में एक टेंपू आ गया। टेंपू को बचाने के प्रयास में कार चालक ने नियंत्रण खो दिया और कार सीधे सड़क किनारे रखे सामान को तोड़ते हुए दीवार में जा घुसी।
खोखे और जनरेटर को भारी नुकसान
हादसे में सड़क किनारे लगे कई खोखे और रेहड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। वहीं वहां रखा जनरेटर भी टूट गया। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और स्थिति का जायजा लिया।
बड़ा हादसा टला
स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे के समय वहां कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। ऐसे में बड़ा हादसा होने से टल गया। लोगों ने राहत की सांस ली कि दुर्घटना में किसी की जान नहीं गई।
बस स्टैंड क्षेत्र में बढ़ रही अव्यवस्था
स्थानीय लोगों का कहना है कि बस स्टैंड क्षेत्र में देर रात वाहनों की आवाजाही और अव्यवस्थित ट्रैफिक के कारण हादसों का खतरा लगातार बढ़ रहा है। लोगों ने प्रशासन से यातायात व्यवस्था सुधारने की मांग की है।





