चूरू जिले की तारानगर तहसील के साहवा क्षेत्र में किसानों ने घरेलू विद्युत कनेक्शन की मांग को लेकर डिस्कॉम अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा।
गांव बनियाला और ढाणीमान के किसानों ने सहायक अभियंता संजय स्वामी को ज्ञापन देकर जल्द बिजली सुविधा उपलब्ध करवाने की मांग की।
15 साल से ढाणियों में रह रहे किसान
किसानों ने बताया कि वे पिछले करीब 15 वर्षों से खेतों में बनी ढाणियों में निवास कर रहे हैं, लेकिन आज तक उन्हें घरेलू बिजली कनेक्शन नहीं मिल पाए हैं।
बिजली सुविधा के अभाव में परिवारों को दैनिक जीवन में कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
2022 में जमा किए थे दस्तावेज
ज्ञापन में किसानों ने बताया कि वर्ष 2022 में विभाग ने घरेलू बिजली कनेक्शन के लिए फाइलें मांगी थीं।
इसके बाद सभी आवश्यक दस्तावेज विभाग को जमा करवा दिए गए थे। किसानों का कहना है कि इसके बावजूद आज तक कनेक्शन जारी नहीं किए गए।
सर्वे हुआ, लेकिन नहीं मिली बिजली
किसानों के अनुसार 15 जनवरी 2026 को विभागीय कर्मचारियों ने क्षेत्र का सर्वे भी किया था।
सर्वे के दौरान आश्वासन दिया गया था कि 1 मार्च 2026 तक बिजली आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी, लेकिन निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।
मूंगफली की बुवाई और पशुपालन पर असर
किसानों का कहना है कि वर्तमान में मूंगफली की बुवाई का समय चल रहा है।
बिजली कनेक्शन नहीं होने से कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं। वहीं भीषण गर्मी में पशुपालकों को भी पानी और अन्य सुविधाओं के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है।
आंदोलन की चेतावनी
किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि एक माह के भीतर बिजली कनेक्शन जारी नहीं किए गए तो वे अपने खेतों में नए बिजली पोल लगाने की अनुमति नहीं देंगे।
उनका आरोप है कि वर्षों से केवल आश्वासन दिए जा रहे हैं, जबकि धरातल पर कोई कार्य नहीं हो रहा।
2018 में जमा की थी डिमांड राशि
सात ढाणियों के किसानों ने अलग से दूसरा ज्ञापन भी सौंपा।
इन किसानों का कहना है कि उन्होंने वर्ष 2018 में ही डिमांड राशि जमा करवा दी थी, लेकिन आठ वर्ष बीत जाने के बाद भी उन्हें विद्युत कनेक्शन उपलब्ध नहीं कराए गए।
बड़ी संख्या में किसान रहे मौजूद
ज्ञापन देने वालों में रामचंद्र, शंकरलाल, मंगलाराम, प्रकाश पांडिया, तेजासिंह, कमलेश, कृष्ण कुमार, राजवीर, प्रतापसिंह, घनश्याम, पूरखाराम, रोहिताश, राजेश, जीवराज, बृजलाल, जयसिंह, अमरसिंह और नथूराम सहित अनेक किसान मौजूद रहे।
दूसरे ज्ञापन में मंशाराम, रामप्रताप, मोहरसिंह, सेवाराम, भागीरथ, चेतराम भाकर और सतवीर राबिया सहित अन्य किसानों ने भी अपनी मांग रखी।
प्रशासन से शीघ्र समाधान की मांग
किसानों ने प्रशासन और विद्युत विभाग से मांग की है कि वर्षों से लंबित मामलों का समाधान कर जल्द से जल्द ढाणियों में घरेलू बिजली कनेक्शन उपलब्ध करवाए जाएं।
ग्रामीणों का कहना है कि बिजली जैसी मूलभूत सुविधा से उन्हें लंबे समय से वंचित रखा जा रहा है।





