सांडवा के उड़वाला गांव के मजदूर की संदिग्ध मौत, ठेकेदार पर हत्या का आरोप
चूरू। जिले के सांडवा थाना क्षेत्र के उड़वाला गांव के 55 वर्षीय मजदूर भादरराम मेधवाल की गुजरात में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
मृतक के बेटे राजूराम ने गांव के ठेकेदार मुनीराम जाट पर हत्या का आरोप लगाते हुए सांडवा थाने में मामला दर्ज कराया है।
काम के बहाने गुजरात ले जाने का आरोप
सांडवा थानाधिकारी चैथमल वर्मा ने बताया कि राजूराम ने अपनी रिपोर्ट में आरोप लगाया है कि गांव का ठेकेदार मुनीराम जाट उसके पिता से रंजिश रखता था।
रिपोर्ट के अनुसार, 21 फरवरी 2026 को ठेकेदार भादरराम को काम दिलाने के बहाने गुजरात के बीजापुर स्थित लोहे की रोलिंग मिल में ले गया था।
हत्या की साजिश का आरोप
परिजनों का आरोप है कि 2 मार्च को ठेकेदार मुनीराम जाट ने अपने साथियों के साथ मिलकर षड्यंत्र रचकर भादरराम की हत्या कर दी।
बताया गया कि ठेकेदार ने गुजरात में बिना परिजनों को सूचना दिए शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर एम्बुलेंस से गांव भिजवा दिया।
शरीर पर चोट के निशान होने का दावा
गांव पहुंचने पर परिजनों और समाज के लोगों ने शव देखकर हत्या का आरोप लगाया और मेडिकल बोर्ड से दोबारा पोस्टमॉर्टम की मांग की।
परिजनों का दावा है कि शव पर कई चोटों के निशान दिखाई दे रहे थे।
प्रशासन की मौजूदगी में हुआ रिपोस्टमॉर्टम
शव को सांडवा सीएचसी लाया गया, जहां सूचना मिलने पर तहसीलदार अमर सिंह और थानाधिकारी चैथमल वर्मा मौके पर पहुंचे।
बाद में बीदासर एसडीएम अमीलाल यादव भी अस्पताल पहुंचे। प्रशासन और परिजनों के बीच सहमति बनने के बाद मेडिकल बोर्ड से शव का रिपोस्टमॉर्टम कराया गया और शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस ने इस मामले में जीरो नंबर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
