चूरू जिले की सरदारशहर थाना पुलिस ने ‘ऑपरेशन नकेल’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध डोडा पोस्त बरामद किया है। पुलिस ने मेगा हाईवे पर नाकाबंदी के दौरान एक ट्रक से 14 क्विंटल 67 किलोग्राम डोडा पोस्त छिलका जब्त किया।
जब्त किए गए मादक पदार्थ की कीमत करीब 2 करोड़ 20 लाख रुपये बताई जा रही है।
प्याज के कट्टों के नीचे छिपाया था डोडा पोस्त
पुलिस के अनुसार तस्कर डोडा पोस्त को प्याज के कट्टों के नीचे छिपाकर पंजाब ले जा रहे थे।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम. के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
नाकाबंदी तोड़कर भागने का किया प्रयास
25 मई 2026 को थानाधिकारी मदनलाल बिश्नोई अपनी टीम के साथ हनुमानगढ़ मेगा हाईवे पर ग्राम हरियासर घड़सोतान के पास नाकाबंदी कर रहे थे।
इसी दौरान पंजाब नंबर का एक संदिग्ध ट्रक तेज गति से आता दिखाई दिया।
पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर चालक ने नाकाबंदी तोड़कर भागने का प्रयास किया।
पुलिस ने पीछा कर पकड़ा ट्रक
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए ट्रक का पीछा किया और वाहन को रुकवाकर दोनों आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया।
तलाशी लेने पर ट्रक में प्याज के कट्टों के नीचे छिपाकर रखा गया डोडा पोस्त बरामद हुआ।
पंजाब के दो तस्कर गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में
- जसवीर सिंह (26) निवासी मोगा, पंजाब
- हंसराज (24) निवासी फाजिल्का, पंजाब
को गिरफ्तार किया है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
चित्तौड़गढ़ से पंजाब ले जाया जा रहा था माल
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी यह डोडा पोस्त चित्तौड़गढ़ से भरकर पंजाब ले जा रहे थे।
पुलिस अब तस्करी नेटवर्क और अन्य सप्लायरों के बारे में पूछताछ कर रही है।
पुलिस ने आमजन से मांगा सहयोग
चूरू पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत दें।





