Hindi News / Churu News (चुरू समाचार) / Churu News : पंचायत में निर्माण कार्य पर विवाद, जांच से पहले काम शुरू

Churu News : पंचायत में निर्माण कार्य पर विवाद, जांच से पहले काम शुरू

Villagers protest against disputed anganwadi construction work in Sawar Panchayat

चूरू। जिले के सरदारशहर क्षेत्र की ग्राम पंचायत सावर में आंगनबाड़ी केंद्र के मरम्मत और मॉडल विकास कार्य को लेकर विवाद फिर बढ़ गया है।

पंचायत समिति सदस्यों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर आरोप लगाया है कि जांच लंबित होने और कार्य रोकने के निर्देशों के बावजूद दोबारा निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है।

आंगनबाड़ी केंद्र के कार्य पर उठे सवाल

पंचायत समिति सदस्य विनोद और सुरेंद्र कुमार ने ज्ञापन में बताया कि ग्राम पंचायत सावर में आंगनबाड़ी केंद्र ‘ए’ का मरम्मत और मॉडल विकास कार्य महिला एवं बाल विकास विभाग के माध्यम से करवाया जा रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2022-23 में पंचायत द्वारा यह कार्य केवल कागजों में पूर्ण दिखा दिया गया था।

पहले भी हुई थी शिकायत

सदस्यों के अनुसार मामले को लेकर कलेक्टर कार्यालय और संबंधित विभागों में लिखित शिकायतें दी गई थीं।

इसके बाद विभागीय स्तर पर जांच शुरू हुई और जांच पूरी होने तक निर्माण कार्य बंद रखने के निर्देश दिए गए थे।

“ऊपर से आदेश” बताकर शुरू किया काम

ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि अब बिना किसी नए आदेश के ठेकेदार ने फिर से निर्माण कार्य शुरू कर दिया।

जब ठेकेदार से इस बारे में पूछा गया तो उसने कथित तौर पर “ऊपर से आदेश” होने की बात कही।

निष्पक्ष जांच तक कार्य रोकने की मांग

पंचायत समिति सदस्यों ने मांग की है कि निष्पक्ष जांच पूरी होने तक निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से रुकवाया जाए।

मामले की निगरानी के लिए पंचायत समिति की ओर से एक कमेटी भी गठित की गई है।

ज्ञापन पर धर्मपाल, विनोद, सहिराम, ओमप्रकाश, पवनकुमार, दशरथ और रामलाल सहित कई ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं।

सरपंच ने आरोपों को बताया निराधार

वहीं दूसरी ओर सरपंच मोनिका अजीतसिंह ने भ्रष्टाचार और अनियमितता के आरोपों को निराधार बताया है।

उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत द्वारा धरातल पर कई विकास कार्य करवाए गए हैं, लेकिन कुछ लोग विकास कार्यों को बाधित करने का प्रयास कर रहे हैं।

सरपंच ने विश्वास जताया कि जांच के बाद सच्चाई सामने आ जाएगी और पंचायत की ओर से किसी प्रकार की अनियमितता नहीं की गई है।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City
Shivonkar Maheshwari Technical Institute
Ravindra School Jhunjhunu City
Prince School, Islampur