Hindi News / Churu News (चुरू समाचार) / Churu News : युवक का शव मिलने पर बवाल, जांच की मांग

Police investigate youth death case in Sardarshahar

परिजनों ने मेडिकल बोर्ड से दोबारा पोस्टमार्टम की उठाई मांग
सरदारशहर महिला मंडल के पास बुधवार को 25 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।

सूचना मिलते ही थानाधिकारी मदनलाल बिश्नोई के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

शव को कब्जे में लेकर 108 एंबुलेंस से राजकीय अस्पताल भिजवाया गया, जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।


मृतक की पहचान और पोस्टमार्टम

पुलिस ने मृतक की पहचान वार्ड 55 निवासी जाकिर दमामी के रूप में की।

प्रारंभिक कार्रवाई के तहत शव को राजकीय उप जिला अस्पताल की मॉर्चरी में रखवाकर पोस्टमार्टम कराया गया और बाद में परिजनों को सौंप दिया गया।


परिजनों का आरोप, धरना शुरू

मामले ने उस समय नया मोड़ लिया जब विकास मंच के अध्यक्ष राजेंद्र राजपुरोहित अस्पताल पहुंचे।

परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उचित प्रक्रिया का पालन किए बिना पोस्टमार्टम करवा दिया और उनके साथ सही व्यवहार नहीं किया गया।

एडवोकेट राजपुरोहित ने निष्पक्ष जांच और मेडिकल बोर्ड से दोबारा पोस्टमार्टम की मांग की।

उनकी अगुवाई में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के कार्यकर्ता और परिजन अस्पताल के बाहर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब तक निष्पक्ष जांच नहीं होगी, वे शव नहीं लेंगे।


पुलिस का पक्ष

थानाधिकारी मदनलाल बिश्नोई ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांगों पर अड़े रहे।

पुलिस के अनुसार, शव को कुत्तों द्वारा नोंचे जाने के संकेत मिले हैं, जिसकी जांच की जा रही है।

आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और मामले की गहन जांच जारी है।