चूरू जिले के सुजानगढ़ क्षेत्र में नौतपा के पहले दिन सोमवार को भीषण गर्मी और तेज हीटवेव का असर देखने को मिला। क्षेत्र का तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे आमजन का जनजीवन प्रभावित रहा।
दिनभर सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा और जरूरी काम से बाहर निकले लोग भी चेहरे ढककर निकलते नजर आए।
मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने क्षेत्र में हीटवेव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों में तापमान 47 से 48 डिग्री तक पहुंच सकता है।
संभावित भीषण गर्मी को देखते हुए प्रशासन और मेडिकल विभाग भी अलर्ट मोड पर है।
गर्मी से गाय की मौत
सुजानगढ़ के कोठारी रोड पारीक बास क्षेत्र में रहने वाले एक किसान परिवार की गाय की अत्यधिक गर्मी के कारण मौत हो गई।
करनी बटेसर ने बताया कि उनका परिवार दूध बेचने का काम करता है। तीन दिन पहले दोपहर में तेज गर्मी के चलते एक गाय की अचानक मौत हो गई, जिससे करीब 80 हजार रुपए का नुकसान हुआ।
मवेशियों के लिए लगाया जंबो कूलर
गाय की मौत के बाद परिवार ने बाकी मवेशियों को गर्मी से बचाने के लिए विशेष इंतजाम किए।
परिवार ने दो गाय, एक भैंस और बछड़ों के लिए करीब 17 हजार रुपए का जंबो कूलर लगवाया, जिससे पशुओं को राहत मिल रही है।
सामाजिक संस्थाएं कर रहीं मदद
भीषण गर्मी के बीच कई सामाजिक संस्थाएं और स्थानीय लोग राहगीरों की मदद के लिए आगे आ रहे हैं।
लायंस क्लब की ओर से भामाशाहों के सहयोग से लाडनूं बाईपास रोड पर राहगीरों को पिछले कई दिनों से ठंडा पानी और शीतल पेय पदार्थ वितरित किए जा रहे हैं।





