Hindi News / Churu News (चुरू समाचार) / महिला उत्पीड़न को लेकर रहेगी जीरो टॉलरेंस की नीति – रियाज

,

महिला उत्पीड़न को लेकर रहेगी जीरो टॉलरेंस की नीति – रियाज

राजस्थान राज्य महिला आयोग की नव नियुक्त अध्यक्ष रेहाना रियाज ने किया पदभार ग्रहण

चूरू/जयपुर, राजस्थान राज्य महिला आयोग की नवनियुक्त अध्यक्ष रेहाना रियाज चिश्ती ने शुक्रवार को जयपुर स्थित महिला आयोग दफ्तर में विधिवत कार्यभार ग्रहण किया. इस मौके पर महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री ममता भूपेश, बाल अधिकार संरक्षण आयोग अध्यक्ष संगीता बेनीवाल सहित बड़ी संख्या में महिला संगठनों से जुड़ी पदाधिकारी और कांग्रेस कार्यकर्ता उन्हें बधाई देने पहुंचे। महिला आयोग की सदस्य सचिव अल्पा चौधरी ने पुष्प गुच्छ भेंट कर रियाज का स्वागत किया। इस दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री ममता भूपेश ने रेहाना की कार्यकुशलता की सराहना करते हुए कहा कि हम लोग एनएसयूआई के समय से 30 साल से एक साथ काम कर रहे हैं। मुझे बहुत खुशी है कि मेरी बहन को यह जिम्मेदारी दी गयी है। निश्चित तौर पर महिला आयोग इनके नेतृत्व में बेहतर काम करेगा, यह हम सभी का विश्वास है।

इस मौके पर महिला आयोग अध्यक्ष रियाज ने कहा कि महिला उत्पीड़न के मामलों में आयोग जीरो टॉलरेंस के साथ काम करेगा और महिलाओं को जागरूक करने के लिए खास प्रयास किए जाएंगे। रियाज ने कहा कि उन्हें यह बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। इसलिए बड़ी और विस्तृत सोच के साथ काम करेंगी। रियाज ने कहा कि महिला अत्याचार और उत्पीड़न के मामलों पर गहराई तक जाकर तत्काल कार्रवाई हो, यह सुनिश्चित किया जाएगा। गुनाह करके कोई व्यक्ति बच जाए, ऐसा नहीं होने दिया जाएगा। चाहे ऐसे मामलों में कोई भी लिप्त हो, उसे कड़ी सजा मिलनी चाहिए। महिला अत्याचार के मामलों को बहुत सख्ती के साथ निपटाया जाएगा ताकि लड़कियां और बच्चियां सुरक्षित महसूस कर सके। रियाज ने कहा कि इस तरह का माहौल बनाने का प्रयास किया जाएगा कि किसी भी महिला के साथ कुछ गलत होता है तो वह आयोग तक पहुंच सके। कई बार पीड़ित महिलाएं आयोग तक नहीं पहुंच पाती हैं, ऐसे मामलों में आयोग उन तक पहुंचने का प्रयास करेगा। आयोग के अध्यक्ष के नाते वह पूरे राजस्थान के हर जिले में जाएंगी और हर महिला में यह विश्वास जगाया जाएगा कि किसी भी तरह की ज्यादती और अत्याचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जो भी मामले पेंडिंग हैं, उन्हें दिनरात मेहनत करके निपटाया जाएगा। टीमवर्क के साथ काम करके कोई भी मुश्किल लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि आयोग महिलाओं से जुड़े किसी भी मामले में बिना दबाव में आए महिलाओं को न्याय दिलाने के लिए काम करेगा। इस दौरान पीसीसी सदस्य रियाजत खान, शराकत अली रतननगर, प्रमेन्द्र सिहाग, शमशेर भालू खान, अरविंद भाम्भू सहित बड़ी संख्या में चूरू और राजस्थान भर से आये कार्यकर्ता मौजूद थे।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City
Shivonkar Maheshwari Technical Institute
Ravindra School Jhunjhunu City
Prince School, Islampur