सरदारशहर पुलिस ने ट्रांसफॉर्मर से सामान चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त बोलेरो वाहन और चोरी किया गया पूरा सामान भी बरामद कर लिया है।
पुलिस की इस कार्रवाई को चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
29 मई की रात हुई थी चोरी
पुलिस के अनुसार नैयासर निवासी रोहिताश ब्राह्मण ने 2 जून को सरदारशहर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।
शिकायत में बताया गया कि 29 मई की रात हनुमानगढ़ रोड स्थित पीके फार्म हाउस के आगे लगे ट्रांसफॉर्मर से अज्ञात चोर सामान चोरी कर ले गए थे।
मामले में पुलिस ने विद्युत अधिनियम की धारा 136 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी और तकनीकी जांच से मिला सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार और वृताधिकारी कुलदीप वालिया के निर्देशन में विशेष टीमों का गठन किया गया।
थानाधिकारी मदनलाल बिश्नोई और उपनिरीक्षक रामफूल मीणा के नेतृत्व में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की।
इसके बाद पुलिस ने सरदारशहर, रतनगढ़, सुजानगढ़ और सीकर सहित विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार किया।
चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है—
- रवि शंकर (21 वर्ष) निवासी अरडकी, थाना नोहर
- राहुल (23 वर्ष) निवासी अरडकी, थाना नोहर
- पवन (26 वर्ष) निवासी ललाणा, थाना गोगामेड़ी
- रमेश (21 वर्ष) निवासी खोडा, थाना रावतसर
चारों आरोपी हनुमानगढ़ जिले के निवासी बताए गए हैं।
बोलेरो और चोरी का सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की वारदात में इस्तेमाल की गई बोलेरो गाड़ी जब्त कर ली है।
साथ ही ट्रांसफॉर्मर से चोरी किया गया सामान भी बरामद कर लिया गया है।
“तकनीकी जांच, आसूचना संकलन और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली।” पुलिस सूत्र
अन्य वारदातों का भी खुल सकता है राज
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है।
जांच एजेंसियों को आशंका है कि आरोपी क्षेत्र में हुई अन्य चोरी की घटनाओं में भी शामिल हो सकते हैं। पूछताछ के दौरान गिरोह के अन्य सदस्यों और संभावित वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।
इन पुलिसकर्मियों ने निभाई अहम भूमिका
कार्रवाई को सफल बनाने वाली टीम में उपनिरीक्षक रामफूल मीणा, कांस्टेबल अनिल कुमार, राजेंद्र सिंह, शिव कुमार और विनोद कुमार शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों ने टीम की त्वरित कार्रवाई और पेशेवर जांच की सराहना की है।





