Hindi News / Churu News (चुरू समाचार) / 6 साल के बच्चे को दो लोगों ने पिला दिया तेजाब

6 साल के बच्चे को दो लोगों ने पिला दिया तेजाब

चूरू, [सुभाष प्रजापत ] सादुलपुर में 6 साल के बच्चे को दो लोगों ने तेजाब पिला दिया। दोनों आरोपी पीड़ित बच्चे के गांव के ही बताए जा रहे हैं। तेजाब पीने के बाद बच्चा गंभीर हालत में अपने घर पहुंचा। उसे देखकर परिवार वाले परेशान हो गए और फौरन हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। गंभीर हालत में हरियाणा के हिसार जिले में उसे भर्ती करवाया गया है। मामला चूरू जिले का है।

तेजाब पीने की वजह से बच्चे का मुंह अंदर से पूरी तरह जल गया है। वह बोल भी नहीं पा रहा है। बच्चे शिवम की दादी बिमला (50) ने मंगलवार देर शाम पुलिस को दोनों आरोपियों के खिलाफ शिकायत दी है।सादुलपुर थानाधिकारी जय कुमार ने बताया कि हासियावास गांव निवासी बिमला पत्नी बाबूलाल नायक ने बताया कि 2 अक्टूबर को शाम 4 बजे उसका पोता शिवम बच्चों के साथ ग्राउंड में खेलने गया था। रास्ते में गांव के ही विकास पूनिया और विक्रम उर्फ मोटिया नायक ने उसके पोते को बुलाया और कहा कि ठंडा पी ले। शिवम ने मना कर दिया तो दोनों ने डरा-धमकाकर जबरदस्ती उसके मुंह में बोतल डाल दी। बोतल के अंदर तेजाब भरी हुई थी । बिमला ने बताया कि तेजाब की वजह से उसका मुंह जलने लगा। शिवम जोर से चिल्लाया और रोते हुए घर की ओर भागकर आया। शिवम की आवाज सुनकर मैं बाहर आई और देखा कि उसका मुंह जला हुआ है। रोते-रोते वह बेहोश हो गया।बिमला ने पुलिस को शिकायत में बताया कि जब वो दोनों आरोपियों के घर पर शिकायत करने गई तो आरोपी विकास ने जाति सूचक गाली निकाली। शिवम का मुंह अंदर से पूरी तरह जल गया है। वह बोल भी नहीं पा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सादुलपुर डीएसपी इस्लाम खान ने कहा कि मामला दर्ज कर लिया है। जांच के बाद ‘वास्तविक स्थिति का खुलासा होगा।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City
Shivonkar Maheshwari Technical Institute
Ravindra School Jhunjhunu City
Prince School, Islampur